एनडीए से भीम सिंह, धर्मशीला गुप्ता, संजय झा ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन, महागठबंधन की ओर से अखिलेश सिंह होंगे उम्मीदवार

सरस्वती पूजा के दिन एनडीए से तीन लोगों ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पर्चा दाखिल किया। वहीं कांग्रेस ने बिहार से अखिलेश प्रसाद सिंह को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की बुधवार को जारी सूची में सोनिया गांधी के बाद बिहार से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का नाम था।

एनडीए के तीनों प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

बीजेपी के दो प्रत्याशी और जदयू के एक प्रत्याशी नामांकन भरने बिहार विधानमंडल पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत राजग के सभी वरीय नेता भी मौजूद थी। बिहार विधानसभा सचिव के कार्यालय में भाजपा से डॉ. भीम सिंह तथा डॉ. धर्मशीला गुप्ता जबकि जदयू से संजय कुमार झा ने राज्यसभा के लिये नामांकन किया।

महागठबंधन की ओर से अखिलेश सिंह होंगे उम्मीदवार

महागठबंधन के घटक कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह का नाम जारी कर दिया है। कांग्रेस की ओर से जारी सूची में सबसे ऊपर सोनिया गांधी का नाम है। उसके बाद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह का ही नाम है। बुधवार को कांग्रेस ने राज्यसभा के चार प्रत्याशियों का नाम जारी किया।