
महिला एशिया कप 2022 का फाइनल मुकाबला आज भारत और श्रीलंका के बीच सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 1 बजे से खेला जाना है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया 7वीं बार इस खिताब को जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, वहीं श्रीलंका की नजरें पहले टाइटल पर होगी। श्रीलंका इस मेगा इवेंट के पहले संस्करण से ही इसका हिस्सा रहा है मगर आज तक खिताब नहीं जीत पाया, वहीं भारत ने 7 में से 6 बार ट्रॉफी अपने नाम की है। 2018 में खेले गए आखिरी विमेंस एशिया कप में भारत को बांग्लादेश के हाथों फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था, मगर इस बार टीम इंडिया कोई चूक किए बिना जीत की लय में वापस लौटना चाहेगी।
विमेंस एशिया कप 2022 में दोनों टीमों ने अपने अभियान का आगाज एक दूसरे के खिलाफ ही किया था। भारत ने पहले मुकाबले में श्रीलंका को 41 रनों से धूल चटाई थी। टीम इंडिया ग्रुप स्टेज के 6 में से 5 मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची थी। भारत को एकमात्र हार का सामना पाकिस्तान के खिलाफ करना पड़ा था। वहीं बात श्रीलंका की करें तो यह टीम 6 में से 4 मैच जीतकर नॉकआउट में पहुंची थी। सेमीफाइनल में भारत को आसान मुकाबला मिला था, डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश का मैच बारिश की वजह से धुलने के कारण थाईलैंड ने सेमीफाइनल के लिए पहली बार क्वालीफाई किया था। भारत ने इस टीम को 74 रनों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं श्रीलंका ने पाकिस्तान से ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला चुकता करते हुए खिताबी मुकाबले में भारत के साथ जगह बनाई।
भारत और श्रीलंका की विमेंस एशिया कप के फाइनल में 4 बार भिड़ंत हुई है और हर बार टीम इंडिया ने बाजी मारी है। भारत ने श्रीलंका को फाइनल में 2004,2005,2006 और 2008 में लगातार चार बार हराया है। श्रीलंका 2008 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई है। श्रीलंका को भारत के अलावा पाकिस्तान ने भी शिकस्त दी थी।
आज खेलने वाले खिलाडियों के नाम
भारत – स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा, राजेश्वरी गायकवाड़, राधा यादव और रेणुका सिंह।
श्रीलंका – चमारी अथापथु (कप्तान), हर्षिता मडवी, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), निलाक्षी डी सिल्वा, कविशा दिलहारी, हसीनी परेरा, शहानी मालशा, ओशादी रणसिंघे, सुगंधिका कुमारी, अचिनी कुलसुरिया और इनोका रणवीरा।
भारत बनाम श्रीलंका लाइव स्ट्रीमिंग
विमेंस एशिया कप 2022 फाइनल मुकाबले का लुत्फ आप टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनल्स पर उठा सकते हैं, वहीं मोबाइल या लैपटॉप पर भारत बनाम श्रीलंका मुकाबला देखने के लिए आपको डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर लॉगिन करना होगा।
You must be logged in to post a comment.