नीतीश कुमार क्यों कर रहे हैं राज्य के क्षेत्रों का भ्रमण, अब क्यों याद आ रहे हैं पुराने साथी?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों लगातार जिलों में जाकर अपने पुराने साथियों से मुलाकात कर रहे हैं। सीएम ने मंगलवार को अस्थावां विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने कतरीसराय प्रखंड के वादी, अस्थावां प्रखंड के अस्थावां, सरमेरा प्रखंड के सरमेरा और बिंद प्रखंड के बिंद में पुराने साथियों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समाज में प्रेम व भाइचारे का माहौल बनाये रखें।

झगड़ा लगाने वालो से बचने का कीजिए प्रयास- नीतिश कुमार


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि समाज में बहुत लोग झगड़ा लगाने के चक्कर में रहते हैं। इनसे बच कर रहना है। मुख्यमंत्री ने पुराने सहयोगियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि आपके बीच आकर मुझे बहुत खुशी हुई है। आप लोगों ने जिस तरह हमेशा मेरा साथ दिया है, समर्थन किया है। उसे मैं जीवन भर नही भूल सकता। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आगे भी हमसे जो भी संभव होगा, हम आपकी सेवा करते रहेंगे।

नीतीश कुमार के पुराने साथियों के पास जाने की क्या है वजह।


सीएम ने कहा कि मेरी इच्छा थी कि एक बार फिर से हम सभी जगहों पर जाकर घूम लें। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने घूमना शुरू किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आप सभी लोगों को यहां देखकर मुझे खुशी हुई है। उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं की जानकारी मुझे दी है। उन समस्याओं पर गौर करके उचित कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि आप लोगों का हमेशा से सहयोग मिलता रहा है। जिसके लिए मैं आपका हमेशा कर्जदार रहूंगा। सीएम ने कहा कि हमलोगों ने बिहार में विकास को लेकर काफी काम किया हैं। बिहार की महिलाओं में अब काफी जागृति आयी है। गरीब तबके के लोगों को आगे बढ़ाने में सरकार ने उनकी काफी मदद की है। विकास का और क्या-क्या काम आगे करना है, इसको हम घूम-घूमकर देख रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी पीढ़ी के लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश जरूर दीजियेगा। समाज में एकता के लिए आपस में प्रेम और भाईचारे का माहौल जरूरी है।