प्रेम, नजदीकियां और धोखा: रेप के आरोप में पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने सुनाया सजा।

मुजफ्फरपुर के महिला थाने की पुलिस ने पत्नी से दुष्कर्म में मोतीपुर थाना क्षेत्र निवासी आरोपित पति को गिरफ्तार किया है। तीन साल पुराने इस कांड में शनिवार की देर रात पति की गिरफ्तारी हुई। इसके बाद रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया । महिला थाने में उसके खिलाफ 23 अप्रैल 2019 को केस दर्ज किया गया था। दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद दबाव में आरोपित ने पीड़िता से शादी कर ली थी। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे, लेकिन दोनों ने केस पर कोई ध्यान नहीं दिया।

पुलिस जांच में पूर्व में ही मामला सत्य हो चुका था और आरोपित की गिरफ्तारी का आदेश भी जारी हो चुका था। महिला थाने की इंस्पेक्टर नीरू कुमारी ने बताया कि आरोपित युवक को फेसबुक के जरिए दिल्ली की लड़की से प्यार हो गया था। इसके बाद दिल्ली से लड़की मुजफ्फरपुर आ गई। युवक ने उसे नरसंडा के पास किराये का कमरा लेकर रखा। इस तरह परिवार से छिपकर दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे।

इस बीच युवक के परिवारवालों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। इसके बाद युवक नरसंडा में ही पीड़िता को छोड़कर अन्य अहम से अकेले भाग निकला। पीड़िता ने महिला थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। एफआईआर के बाद पुलिस ने युवक की तलाश में छापेमारी शुरू की तो उसकी तय शादी टूट गई। बाद में पीड़िता से युवक ने शादी कर ली। फिर दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। दोनों को एक बच्चा भी हुआ।

पीड़िता ने केस में सुलहनामा नहीं लगाया। इस तरह केस चालू रहा। इन दिनों पुराने कांडों के फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने की मुहिम शुरू की गई है। इस कांड में भी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का वरीय पुलिस अधिकारियों ने आदेश दिया था। अब गिरफ्तार पति को जेल से मुक्त कराने के लिए उसकी पत्नी ने कोशिश शुरू कर दी है।