बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, बिहार सरकार 20 लाख युवाओं को उपलब्ध कराएगी नौकरी…..

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में तिरंगा फहराया। गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति दी मैं उन वीर जवानों को नमन करता हूं। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना का भी अभिनंदन किया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीएम नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है।

20 लाख युवाओं को देंगे नौकरी…..

उन्होंने कहा कि विकास के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। अब नौकरी और रोजगार के लिए काम कराएंगे। बिहार में 20 लाख युवाओं को नौकरी देने के लिए अब काम करेंगे। नयी पीढ़ी के लोगों को आगे बढ़ने के लिए हमारी सरकार हमेशा प्रयास करती है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि बिहार विकसित राज्य बनें और इसके लिए जरुरी कार्य किया जा रहा है।

जातिगत गणना के बाद अब संपन्न होगा आर्थिक गणना….

इसके साथ ही सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में शराबबंदी और दहेज प्रथा उन्मूलन का काम चल रहा है। प्रदेश में कुछ लोगों को शराबबंदी खराब लग रही है। बिहार में जहरीली शराब से लोग मर रहे हैं। शराब को लेकर लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। बिहार के हर घर में जल पहुंच रहा है। सभी गांवों में सोलर लाइट लगाने का काम भी शुरू कराया जा रहा है। वहीं, हर खेत तक सिचाई के लिए पानी पहुंचाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी जो मांग है, उस पर हम कायम है। बिहार को हम राष्ट्रीय स्तर पर ले जाएंगे। बिहार में जातीय जनगणना के बाद आर्थिक गणना पर भी काम किया जाएगा।