भूमि विवाद को सुलझाने गई पुलिस बल पर गांव के कुछ लोगो ने किया हमला, जमादार सहित 11पुलिसकर्मियों को आई चोट…

औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के दरधा गांव में भूमि विवाद को सुलझाने गई पुलिस बलों पर गांव के कुछ लोगों ने जानलेवा हमला बोल दिया। इस घटना में एक जमादार सहित 11 पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। जिसमें पांच महिला सिपाही शामिल है। वैसे इस घटना में कुल 17 लोग जख्मी हुए हैं। सभी जख्मियों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोह में चल रहा है।

दर्जनभर पुलिसकर्मी हुए घायल…..

इस घटना के संदर्भ में सीओ मुकेश कुमार एवं गोह थानाध्यक्ष शमीम अहमद से पता चला है कि दरधा गांव के कुछ लोगों द्वारा विवादित जमीन पर लगी धान की फसल जबरन काटने की सूचना मिली तो पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र पुलिस बल आनन फानन में मौके पर पहुंच गई। जहां कुछ महिलाएं धान की फसल काट रही थीं। पुलिस कर्मियों द्वारा जब विवादित जमीन के फसलों को काटने से मना किया गया तो गांव के लोग विवाद करने लगे। कुछ ही क्षण में विवाद बढ़ गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। विवाद के बीच मौके पर जमा हुए लोगों ने लाठी- डंडे के साथ पुलिस बल पर हमला बोल दिया, जिसमें दर्जनभर पुलिसकर्मी घायल हो गए।

स्थानीय लोगो को भी आई चोट…..

इधर जानकारी मिली की दूसरे ग्रामीण पक्ष से बुचुन कुमारी, पुतुल कुमारी, प्रेमलता कुमारी, सौरभ कुमार, रीना कुमारी जख्मी हुए हैं। बुचुन कुमारी, पुतुल कुमारी एवं प्रेमलता कुमारी को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया है। इधर इस मामले में एसडीपीओ कुमार ऋषि राज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष में तनाव है। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। फिलहाल स्थिति पुलिस के पूरे नियंत्रण में है।

इस घटना में जख्मी लोगों में गोह थाने में पदस्थापित एएसआई बिकाऊ राम, सिपाही अम्बिका कुमारी, राजकुमार, प्रियंका कुमारी, रेखा कुमारी, चांदनी कुमारी, लवली आनंद, धर्मेन्द्र कुमार, अजय कुमार एवं आर्यन कुमार आदि शामिल है।

क्या जानते हैं आप ड्यूटी में तैनात पुलिस पर हमला करना है अपराध…

भारतीय दंड संहिता की धारा 353 के अनुसार यदि कोई व्यक्ति किसी लोक सेवक पर के दौरान अपने बल का इस्तेमाल करके हमला करने की कोशिश करता है या उसे अपनी ड्यूटी करने से रोकता है। तो ऐसे व्यक्ति को दोषी पाए जाने पर 2 वर्ष कारावास की सजा या जुर्माना हो सकता है।