राजधानी समेत प्रदेश में सोमवार को धूप निकलने के बावजूद कनकनी बनी रही…प्रदेश में सर्द पछुआ हवा का नियमित प्रवाह बने होने के कारण अगले 48 घंटों के दौरान रात्रि के न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री की गिरावट आने से प्रदेश में  शीतलहर की बनने की संभावना…

राजधानी समेत प्रदेश में सोमवार को धूप निकलने के बावजूद कनकनी बनी रही। प्रदेश के पांच जिलों के सबौर, सुपौल, छपरा, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। राजधानी समेत प्रदेश के 18 जिलों के न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में सर्द पछुआ हवा का नियमित प्रवाह बने होने के कारण अगले 48 घंटों के दौरान रात्रि के न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री की गिरावट आने से प्रदेश में  शीतलहर की बनने की संभावना है।

वहीं, प्रदेश के 25 जिलों में घना कोहरा का प्रभाव बना रहेगा। मौसम विज्ञानी संजय कुमार की मानें तो राजधानी समेत प्रदेश के अन्य भागों में धूप निकलने के बावजूद सर्द पछुआ हवा के कारण कनकनी का प्रभाव बना रहेगा। सोमवार को 4.5 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर (सबौर) प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। राजधानी के न्यूनतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री की गिरावट के साथ 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

18 जिलों के तापमान में आई गिरावट…

सोमवार को सर्द पछुआ हवा के प्रभाव से धूप निकलने के बावजूद राजधानी समेत प्रदेश के 18 जिलों के न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री की गिरावट आने से ठंड में वृद्धि आई है। पटना समेत, गया, नवादा, जमुई, बांका, सबौर, भागलपुर, खगड़िया, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, सारण के न्यूनतम तापमान में कमी आई है।