गांधी जयंती पर सोनिया गांधी का केंद्र पर हमला, कहा- किसानों को मोदी सरकार रुला रही है खून के आंसू, राहुल गांधी ने कहा- मैं दुनिया में किसी से नहीं डरूंगा

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयंती पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी करके सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि किसान कृषि कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने मोदी सरकार पर किसानों को खून के आंसू रुलाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘मेरे प्यारे कांग्रेस के साथियों किसान-मजदूर भाईयों और  बहनों, आज किसानों, मजदूरों और मेहनतकशों के सबसे बड़े हमदर्द महात्मा गांधी की जयंती है। गांधी जी कहते थे भारत की आत्मा, भारत के गांव खेत और खलिहान में बसते हैं। आज जय जवान जय किसान का नारा देने वाले हमारे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की भी जयंती है। लेकिन आज देश का किसान और मजदूर कृषि विरोधी तीन काले कानूनों के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। अपना खून पसीना देकर देश के लिए अनाज उगाने वाले अन्नदाता किसान को मोदी सरकार खून के आंसू रुला रही है।’

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला

वहीं महात्मा गांधी की जयंती पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि मैं दुनिया में किसी से नहीं डरूंगा… मैं किसी के अन्याय के समक्ष झुकूं नहीं, मैं असत्य को सत्य से जीतूं और असत्य का विरोध करते हुए मैं सभी कष्टों को सह सकूं.’ गांधी जयंती की शुभकामनाएं।

कृषि कानून के विरोध में किसानों का प्रदर्शन जारी

गांधी जयंती पर भी कृषि कानून के विरोध में पंजाब के किसानों का प्रदर्शन एवं रेल रोको आंदोलन जारी है। शुक्रवार को किसानों के प्रदर्शन का नौंवा दिन है। अमृतसर में किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी पटरी पर बैठी है। प्रदर्शन पांच अक्तूबर तक जारी रहेगा। वहीं जंडियाला गुरु के गांव देवीदासपुर के रेलवे ट्रैक पर बैठी किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी को 31 किसान संगठनों का भी समर्थन मिल गया। सुखबीर बादल की जट सिखों के वोट पर नजर है।