बलिया गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, धीरेन्द्र प्रताप सिंह को पुलिस ने लखनउ के पार्क से दबोचा

उत्तर प्रदेश के बलिया गोलीकांड का मुख्य आरोपी धीरेन्द्र प्रताप सिंह को पुलिस ने लखनउ के जनेश्वर पार्क से गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि बलिया जिले के दुर्जनपुर गांव में हुए गोली कांड का मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह तिन दिन से फरार चल रहा था। जिसे पुलिस ने अंततः गिरफ्तार कर लिया है।

धीरेन्द्र पर घोषित था 75 हजार का इनाम

धीरेंद्र सिंह पर यूपी पुलिस ने 75 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। अब तक आठ नामजद और करीब 25 अज्ञात आरोपियों में सिर्फ 9 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
वहीं इस हत्याकांड में नामजद अभियुक्त संतोष यादव व अमरजीत यादव को शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार की सुबह नगर के वैशाली होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया था। जबकि छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

मामले में शनिवार को हुई थी बड़ी कार्रवाई

इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने धीरेंद्र के भाई नरेंद्र प्रताप सिंह, देवेन्द्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया था। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में हनुमानगंज निवासी मुन्ना यादव, राजप्रताप यादव एवं दुर्जनपुर के राजन तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। डीआईजी आजमगढ़ सुभाषचंद दुबे ने बताया कि आरोपियों पर एनएसए, गुंडा एक्ट और गैंगेस्टर के तहत भी कार्रवाई होगी। संपत्ति भी जब्त की जाएगी।