शर्मनाक: दुष्कर्म करने में हुए विफल तो लड़की को चलती वाहन के आगे फेंका, लड़की को आई चोट, अस्पताल में किया गया भर्ती।

चौतरवा थाना क्षेत्र में बीती रात शौच के लिए घर से बाहर निकली एक 14 वर्षीया नाबालिग बच्ची को पड़ोस के टोले के चार बदमाशों ने दबोच लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। लड़की की चीखने-चिल्लाने पर आरोपितों ने एक चलती बोलेरो के सामने उसे फेंक दिया और भाग गये। यह मामला मंगलवार को महिला थाने में दर्ज कराया गया। जख्मी बच्ची का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि रात 10 बजे के करीब वह घर के पास खेत की तरफ शौच के लिए गई। वहां पहले से मौजूद चार युवकों ने मुझे पकड़ लिया और दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगे। चीखना चिल्लाना शुरू किया तो सबने एक चलती बोलेरो के सामने फेंक दिया और फरार हो गए।

पीड़िता के परिजनों ने विश्वजीत कुमार, संजीव कुमार, चंदन कुमार और राजा कुमार को आरोपित किया है। सभी पतिलार के रहने वाले बताये गये हैं। पुलिस को परिजनों ने बताया कि युवकों ने बच्ची को पकड़ लिया और टांग कर नजदीक के स्कूल में ले जाने लगे। तभी वह चिल्लाने लगी। उसके बाद पिता और घर के अन्य सदस्य आवाज सुनकर उस तरफ दौड़े। परिजनों को आता देख आरोपितों ने चौतरवा से धनहा की तरफ जा रही एक अज्ञात बोलेरो के सामने बच्ची को फेंक दिया। जिससे बच्ची घायल हो गई।

इधर महिला थाना पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दीया है। महिला थाने के थानाध्यक्ष धर्मवीर भारती ने बताया कि पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर लागतार आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।