बिहार के एक बारात में चिकन के साथ लिट्टी ना देने पर हुई गोलीबारी, एक की मौत: जानिए पूरा मामला

यूं तो शादियों में फूफा और जीजाजी के रूठने के किस्से आपने खूब सुने होंगे, लेकिन चिकन के साथ लिट्टी नहीं परोसे जाने को लेकर अगर किसी शादी समारोह में हंगामा मच जाए तो हैरान होना लाजिमी है। बिहार के गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां चिकन के साथ लिट्टी नहीं परोसे जाने को लेकर दूल्हा और दुल्‍हन पक्ष वाले आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि घरातियों और बारातियों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई लोग चोटिल हो गए। जिसमें एक की जान चली गई और तीन की हालत गंभीर है। मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह के तौर पर हुई है, जबकि गोलीबारी में जख्मी राहुल कुमार सिंह, रिशु कुमार सिंह और रोहित कुमार सिंह को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।

जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य तीनों जख्मी लोगों को इलाज के लिए गोपालगंज अस्पताल से गोरखपुर के लिए लेकर रवाना हो गए।

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह के पड़ोस में एक बारात आई हुई थी। बारात में चिकन के साथ लिट्टी नहीं देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गोलीबारी शुरू हो गई। गोलीबारी में राजेंद्र सिंह समेत चार लोगों को गोली लग गई। आनन फानन चारों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घायलों के परिजनों ने किया हंगामा चिकित्सकों ने घायलों का एक्सरे कराने के लिए कहा, तो पता चला कि एक्स-रे कक्ष बंद था। इसके बाद परिवार के सदस्य व अन्य लोगों ने एक्सरे बंद होने को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। वहीं सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंची और गुस्साए लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन परिवार के सदस्यों का कहना था कि सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में न तो इलाज की व्यवस्था है और ना ही एक्सरे कि इसको लेकर परिवार के सदस्य व अन्य लोग हंगामा कर रहे थे। इसके बाद उन्हें समझा बुझाकर बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ट्रांसफर कर दिया।

उचकागांव थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मामले की छानबीन करने में जुट गई है। गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बारात में चिकन के साथ लिट्टी नहीं देने को लेकर हुई गोलीबारी के बाद अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया था। घटना के बाद से गांव में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।