हिमाचल प्रदेश के गोबिंदसागर झील में डूबने से 7 युवकों की गई जान, पंजाब के मोहाली के बताए जा रहे हैं मृतक….

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गोबिंदसागर झील से सोमवार दोपहर को एक बड़े हादसे की खबर आई है। यहां झील में डूबने से 7 युवकों की मौत हो गई। यह घटना गांव कोलका बाबा गरीब दास मंदिर के पास दोपहर बाद करीब 3:50 पर हुई। सभी मृतक पंजाब के रहने वाले थे और इनमें से 4 नाबालिग हैं। 2 युवक एक ही परिवार के थे।

सभी पंजाब में मोहाली के रहने वाले हैं। ये युवक बाबा बालकनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। सोमवार दोपहर बाद ये नहाने के लिए गोव‌िंदसागर झील में उतरे थे। पानी की गहराई का अंदाजा न चल पाने से हादसा हुआ है। ऊना के एसपी अरिजीत सेन ने कहा कि बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास गोबिंद सागर झील में सभी 7 लापता लोगों के शव बरामद हुए हैं। उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है।

बंगाणा पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। मदद के लिए गोताखोर और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को भी बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद सभी शव बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि डूबे 6 युवक 20 साल से कम आयु के थे। मृतकों की पहचान पवन कुमार (35), रमन कुमार (19), लाभ सिंह (17), लखवीर सिंह (16), अरुण (14), विशाल (18) और शिवा (16) के रूप में हुई है। रमन कुमार और लाभ सिंह एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सभी सात युवकों के शव बरामद कर लिए हैं।