आठ राज्यों की 57 सीटों पर मतदान जारी; अनुराग ठाकुर ने डाला वोट

लोकसभा चुनाव 2024 के छह चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। आज सातवें चरण के लिए आठ राज्यों की 57 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।इसके साथ ही सभी 543 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। इस चरण की 57 सीटों पर कुल 904 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जिन सीटों पर मतदान जारी है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत, अनुराग ठाकुर, अनुप्रिया पटेल जैसे केंद्रीय मंत्रियों की भी सीटें शामिल है

RJD नेता तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव ने पटना के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने कहा, “किस तरह का एग्जिट पोल और किसके एग्जिट पोल पर हमें यकीन करना चाहिए? बहुत सारे एग्जिट पोल हैं। हमें 4 जून का इंतजार करना चाहिए। हमने जो देखा है, उससे हमें भारत के लोगों पर भरोसा है कि 4 जून को INDIA गठबंधन सरकार बनने जा रही है और NDA जल्द ही सत्ता से बाहर होने वाली है।

उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना चेहरा बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरे थे। उनके सामने कांग्रेस ने अजय राय और सपा ने शालिनी यादव को उतारा था। नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे और यहां प्रधानमंत्री ने सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 मतों से बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6,74,664 वोट, सपा उम्मीदवार शालिनी को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले थे। पिछले चुनाव में वाराणसी में कुल 57.13% लोगों ने मतदान किया था।

सुबह 9 बजे तक किस राज्य में कितने फीसदी मतदान?

राज्य 9 बजे तक मतदान %

बिहार 10.58

चडीगढ़ 11.64

हिमाचल 14.38

झारखंड 12.15

ओडिशा 7.69

पंजाब 9.64

उत्तर प्रदेश 12.94

पश्चिम बंगाल 12.63