एक प्यार का ऐसा अंजाम,लालच के कारण पति ने ली पत्नी की जान…..

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में रिजवान ने करीब आठ महीने पहले जैनब से लव मैरिज की थी। मगर इसके कुछ समय बाद ही मिया बीबी में अनबन हो गई। आरोप है कि रिजवान दो लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर अपनी पत्नी को आए दिन मारता तथा उसे प्रताड़ित करता रहता था। विवाद बढ़ने पर उसने मंगलवार को जैनब की हत्या कर दी थी।

रिजवान और जैनब एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। दोनों में प्रेम संबंध हो गए लेकिन जैनब के पिता शब्बीर अहमद और अन्य परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे।

बदनामी के डर से लड़की के पिता ने नही दर्ज कराई रिपोर्ट….

जैनब के भाई मुस्तकीम ने बताया कि रिजवान उनकी बहन को भगा ले गया तो उन लोगों ने बदनामी के कारण रिपोर्ट भी नहीं कराई। उनके पिता शब्बीर अहमद ने बदनामी की वजह से ही घर छोड़ दिया और मोहनपुर नकटिया में जाकर रहने लगे। लोगों ने काफी समझाया तो महीने भर बाद वह घर लौटे। इसी बीच रिजवान भी जैनब को लेकर अपने घर में आ गया। बदनामी को देखते हुए उन लोगों ने उस गली से निकलना भी छोड़ दिया।

बड़ी बहन के समझाने पर आया गुस्सा हुआ अनर्थ……
मुस्तकीम ने बताया कि रिजवान उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। वे लोग तो उससे बात नहीं करते थे लेकिन जैनब की अपनी बड़ी बहन आसिया से बात होती थी। आसिया ने कई बार रिजवान को समझाया भी था। मंगलवार दोपहर रिजवान ने जैनब को पीटा तो उसने आसिया को फोन किया। आसिया ने उसे समझाया भी था लेकिन शाम को उसने जैनब की हत्या कर दी।

परिवारवालों पर भी लगा आरोप: मुस्तकीम ने कहा कि रिजवान के घर वाले वारदात में शामिल होने की बात से इनकार कर रहे हैं। हत्या के बाद शव बोरे में बंद करके सीढ़ी पर चढ़कर गैलरी के स्टोर में रखना अकेले इंसान के बस की बात नहीं है। पूरे परिवार ने हत्या करके शव स्टोर में छिपा दिया। जैनब के ससुर बिलाल, दामाद रिजवान, ननद जीनत और ननदोई अब्दुल पर दहेज हत्या का आरोप लगा तहरीर दी गई है।

क्या कहता है प्रशासन….

इस बारे में जानकारी देते हुए सीओ मीरगंज, राजकुमार मिश्र ने कहा कि गला दबाकर महिला की हत्या के बाद उसका शव गैलरी के स्टोर रूम में छिपाया गया था। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतका के परिजन ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है।