महाकाल मंदिर में अक्षय कुमार की शूटिंग पर हुआ विवाद, श्रद्धालु और पुजारियों बोले- मंदिर को बेच डाला

उज्जैन: OMG-2 की शूटिंग बीते दो दिनों से उज्जैन के अलग अलग हिस्सों में चल रही है। मालूम हो कि शनिवार को महाकाल मंदिर में शूटिंग शुरू हुई जिसके लिए अक्षय कुमार महाकाल मंदिर पहुंचे है। मिली जानकारी के मुताबिक मंदिर में सुबह से ही पुरोहितों और पुजारियों को प्रवेश करने से रोक दिया गया था। इसके बाद गेट नंबर 4 और 5 से श्रद्धालुओं को भी अंदर नहीं जाने दिया गया।

पुजारियों-पुरोहितों ने मंदिर प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर विरोध जताया और सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल से विवाद करने लगे। 250 रुपए देकर शीघ्र दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को भी कई बार रोका गया। जिसके चलते कई बार विवाद की स्थिति बनी।

महाकाल मंदिर में पहुंचते ही श्रद्धालुओं की शीर्घ दर्शन की व्यवस्था को बार-बार बदला गया। यहां कई बार श्रद्धालुओं को रोका गया। तो कई बार गेट बंद कर दिए गए। सुरक्षा गार्डों ने भी श्रद्धालुओं से बदसलूकी भी की। अक्षय कुमार जिस कार से उज्जैन आये उसमे काले कांच लगे थे इसको लेकर भी एडिशनल एसपी अमरेंद्र सिंह ने कहा नियम के तहत कार्यवाही की जायेगी।

कलेक्टर आशीष सिंह ने इस मामले में मीडिया से चर्चा में कहा कि श्रद्धालुओं के दर्शन में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जा रही है। प्रोटोकॉल दर्शन में थोड़ा फेरबदल किया गया था। पंडे-पुजारियों को मंदिर में आने में हो सकता है शुरु में दिक्कत आई हो, फिल्म को लेकर इनपुट थे इसको लेकर सुरक्षा दी गई है।