राजस्थान सियासी संकट : बागी विधायक भंवर लाल और विश्वेंद्र सिंह को किया गया निलंबित

राजस्थान में जारी सियासी घमासान के बीच पायलट गुट के दो विधायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कंफ्रेंस करते हुए भाजपा पर विधायकों की निष्ठा को खरीदने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी से दो विधायक भंवर शर्मा और विश्वेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

सूरजेवाला ने भंवर शर्मा, संजय जैन की बातचीत सुनाई

सुरजेवाला ने भंवर शर्मा, संजय जैन के बीच बातचीत सुनाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता लूटने की फिराक में है। भाजपा प्रजातंत्र का चीरहरण करना चाहती है। मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा ने षड्यंत्र रचा। लेकिन इस बार भाजपा ने गलत प्रांत चुन लिया। उन्होंने मांग की कि भंवर लाल शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि कोरोना काल में भाजपा कई राज्य की सरकार गिराने की कोशिश कर रही है।