
दिल्ली में श्रद्धा की हत्या के बाद उसके टुकड़े-टुकड़े किए जाने की घटना ने जहां एक ओर पूरे देश की जनता को झकझोर दिया है वहीं इस घिनौने अपराध के बाद अब बिहार की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर बहस तेज़ हो गई है। इसी कड़ी में बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस तरह की घटना को एक मिशन बताया है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि देश में मुस्लिम युवक लव जिहाद मिशन चला रहे हैं और हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर उनकी हत्या कर दे रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने दिल्ली में हिंदू लड़की श्रद्धा की हत्या पर दुख जताया और जिस तरीके से टुकड़े-टुकड़े काट कर उसकी हत्या की गई उसको दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर मुस्लिम युवक अपने साथ कर लेते हैं उसके बाद उसे या तो छोड़ देते हैं या टुकड़े-टुकड़े कर उनकी हत्या कर देते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिल्ली में एक मुस्लिम युवक के द्वारा लिव इन रिलेशनशिप ही नहीं बल्कि वैवाहिक जीवन में रहने के बाद उसके टुकड़े-टुकड़े कर हत्या की है यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।
केंद्रीय मंत्री ने साफ़ तौर पर कहा कि मुस्लिम युवक देश में लव जिहाद का मिशन चला रहे हैं। मुस्लिम युवक नाम बदलकर, चोला बदलकर हिन्दू लड़कियों को बहलाकर फुसलाकर इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं। दिल्ली में जो घटना हुई है उसमें मुस्लिम लड़के ने हिन्दू लड़की को अपने साथ रखा और बाद में उसकी हत्या कर दी।
You must be logged in to post a comment.