JDU के प्रदेश महासचिव रविन्द्र तांती की कोरोना से मौत, कभी राबड़ी देवी के लिए छोड़ दी थी एमएलसी की सीट

जदयू के प्रदेश महासचिव और बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य रविन्द्र तांती की कोरोना से मौत हो गयी है। कोरोना संक्रमित होने के बाद वे पिछले 10 दिनों से एम्स में भर्ती थे। आज दोपहर उनका निधन हो गया। उनके निधन से जदयू में शोक की लहर है।

1996 में पहली बार बने थे एमएलसी

बता दें कि कि रविन्द्र कुमार तांती को पहली बार 1996 में लालू यादव ने एमएलसी बनाया था।लेकिन 1997 में राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए इन्होंने अपनी सीट से त्यागपत्र दे दिया था।इनकी सीट पर ही राबड़ी देवी विधान पार्षद बनी थीं।लालू प्रसाद ने 1998 में दुबारा विधान पार्षद बनाया,वे 2004 तक विप के सदस्य रहे।

अवधेश नारायण सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया

पूर्व एमएलसी के निधन पर बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया।उन्होंने कहा, तांती जी 1996 एवं 1998 में बिहार विधान परिषद के सदस्य बने थे। वे कोरोना संक्रमित होकर पटना एम्स में भर्ती थे जहाँ इलाज के दौरान आज उन्होंने अन्तिम सांस ली। अवधेश नारायण सिंह ने आगे कहा कि वे एक सफल और विलक्षण प्रतिभा के राजनेता थे।समाज के निचले तबके के लिए अंत तक वे कार्य करते रहे। उन्होनें लगातार बिहार के तांती- बुनकर समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। उनका सरल स्वभाव ही उनकी पहचान थी। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को दुःख सहने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें ।