
बिहार में मौसम शुष्क बना हुआ है। राज्यभर में उत्तरी पछुआ हवा का प्रभाव है। अभी इसकी गति आठ से दस किमी प्रतिघंटे है। इसके प्रभाव से राज्य भर में तापमान नियंत्रित रह रहा है। अगले कुछ दिनों में इसका प्रभाव और बढ़ेगा। दिवाली के बाद राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
अगले तीन दिनों तक दिन के तापमान में विशेष गिरावट नहीं आएगी लेकिन रात का तापमान दो से तीन डिग्री तक नीचे आ सकता है। इस वजह से रात में और सुबह में ठंड की सिहरन थोड़ी बढ़ेगी। प्रमुख शहरों में आसमान सामान्यत साफ रहेगा लेकिन दिवाली बाद ग्रामीण इलाकों में सुबह और शाम में धुंध बढ़ने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तर भाग में एक दो जगहों पर आंशिक बारिश हुई। जबकि, पटना के कुछ इलाकों में भी दोपहर बाद दस से 15 मिनट तक झमाझम बारिश देखी गई। हालांकि स्टेशन व आसपास के इलाकों में आंशिक बूंदाबांदी रही। इस बारिश से इलाके के तापमान पर असर पड़ सकता है।
दानापुर और कंकड़बाग के इलाके में आंशिक बारिश हुई। मौसमविदों के मुताबिक दक्षिण पूर्व बिहार और दक्षिण मध्य बिहार में 24 अक्टूबर से अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की कमी आएगी। अभी पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में 30 से 32 डिग्री के बीच अधिकतम तापमान है।
You must be logged in to post a comment.