COVID-19 अपडेट : देश में बचे अब सिर्फ 4.34 फीसदी मरीज, दुनिया में अब तीसरे पायदान पर

कोरोना वायरस संक्रमण मामले में भारत अब पूरी दुनिया में तीसरे स्थान पर आ गया है। देश में अब सिर्फ 4.34 प्रतिशत मरीज ही बचे हैं। आपको बता दें कि 26 प्रतिशत एक्टिव केस के साथ अमेरिका पहले नंबर पर और 11 प्रतिशत एक्टिव केस के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है। इटली और बेल्जियम भी टॉप-5 देशों में शामिल हो गए हैं।

देश में 83 लाख के पार कोरोना के मामले

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 83 लाख के पार हो गया है। अब तक 83 लाख 12 हजार 947 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 76 लाख 54 हजार 757 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 23 हजार 650 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 5 लाख 33 हजार 27 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

4 राज्यों में केस फिर से बढ़ने लगे

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में मणिपुर, दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल में एक्टिव केस की संख्या तेजी से बढ़ी है। मणिपुर में अक्टूबर की शुरुआत में 2000 एक्टिव केस थे जो अब 3500 हो गए हैं। दिल्ली में 26 हजार से बढ़कर 33 हजार, केरल में 77 हजार से 86 हजार और पश्चिम बंगाल में 26 हजार से बढ़कर 36 हजार एक्टिव केस हो गए हैं।