बिहार में नदियों के बढ़ रहे जलस्तर को लेकर गृहमंत्री ने बिहार के CM से की बात, नीतीश कुमार को हर संभव मदद का दिया भरोसा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार और असम में बाढ़ को लेकर गंभीर हो रही परिस्थितियों पर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है। केंद्रीय गृहमंत्री ने बिहार में महानंदा नदी के बढ़ते जल स्तर के बारे में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात की है। उन्हें बिहार के लोगों की सुरक्षा के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

महानंदा का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर

बिहार में महानंदा का जलस्तर शनिवार को खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है। वहीं, गंगा,कोसी समेत कई नदियों के जलस्तर में भी काफी वृद्धि दर्ज की गई है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी होने से दर्जनों गांव के निचले हिस्से में बाढ़ का पानी आ गया है। वहीं, जलस्तर में बढ़ोतरी से तटबंध पर कटाव का खतरा भी बढ़ रहा है।

असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है मोदी सरकार

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल और राज्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी के पास ब्रह्मपुत्र नदी और भूस्खलन की खतरनाक स्थिति का जायजा लिया। राज्य को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। मोदी सरकार असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। असम में शनिवार को बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ का पानी राज्य के 21 जिलों में प्रवेश कर चुका है, जिससे 4.6 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट के अनुसार ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।