राहुल गांधी की न्याय यात्रा को लगा झटका, मणिपुर सरकार ने नहीं दी मंजूरी, 14 जनवरी से शुरू होगी न्याय यात्रा

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को झटका लगा है…कांग्रेस की 14 जनवरी से शुरू हो रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मणिपुर सरकार ने मंजूरी नहीं दी है। राहुल गांधी की न्याय यात्रा की मणिपुर से ही शुरू होनी है।  मणिपुर के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशम मेघचंद्रा ने CM एन बीरेन से मुलाकात की और उनसे इस यात्रा को अनुमति देने की गुजारिश की, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं माने। केशम ने मीडिया को बताया कि उन्होंने सीएम को मनाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मना पाए।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा राजनीतिक यात्रा नहीं

वहीं मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने कहा था कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अनुमति देने पर सक्रियता से विचार चल रहा है। सुरक्षा एजेंसियों से रिपोर्ट मिलने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा…जबकि वेणुगोपाल ने कहा था कि ये राजनीतिक यात्रा नहीं है, इसलिए सरकार को इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। यात्रा का मकसद अशांत मणिपुर के लोगों के घावों को भरना और नफरत खत्म करके प्रेम का संदेश फैलाना है।

जयराम रमेश ने जारी किया रोड मैप

उधर कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल ने इस यात्रा का रोड मैप और पैम्फलेट जारी किया।

14 जनवरी से राहुल गांधी शुरु करेंगे न्याय यात्रा

गौरतलब है कि कांग्रेस के वायनाड़ सांसद राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। लोकसभा चुनाव से करीब 4 महीने पहले होने वाली यह यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे।

महाराष्ट्र में यात्रा होगी समाप्त

भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी…इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था