बिहार में पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन पर किया हमला, कहा- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी

पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के इंडी गठबंधन को देश के संविधान और लोकतंत्र की परवाह नहीं है। यह वो लोग है जिन्होंने दशकों तक बैलेट पेपर के बहाने लोगों का अधिकार छीना। पोलिंग बूथ और बैलेट पेपर लूट लिए जाते थे।

मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र में साक्षात माता सीता के निशान हैं। पांच सौ साल बाद देश में रामलला का मंदिर बना। पूरे देश को गर्व हो रहा। प्राण प्रतिष्ठा में इंडी गठबंधन वालों को निमंत्रण दिया तो उन्होंने ठुकरा दिया। वहीं दूसरी तरफ अंसारी परिवार को देखिए जो दो-दो पीढ़ियों से अदालत में मुसलमानों के लिए मुकदमा लड़ते थे। लेकिन, जब सुप्रीम कोर्ट के निर्णय आया तो उन्होंने गर्व के साथ उस माथे पर चढ़ाया। इतना ही नहीं श्रीमान अंसारी खुद प्रभु रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में खुद आए। लेकिन, कांग्रेस और राजद के लोगों ने निमंत्रण को ठुकरा दिया। ऐसे, अहंकारी लोग जो अपने आप को भगवान राम से बड़ा मानते हैं, ऐसे लोगों को सबक सिखाने का मौका है। आप सबको यह ध्यान रखना है, आपका एक-एक वोट भारत के विकास और भारत के विरासत को नई ऊंचाई देने वालों के लिए पड़ने वाला है। इसलिए मुंगेर से हमारे मित्र राजीव रंजन, बेगूसराय से गिरिराज सिंह और खगड़िया से राजेश वर्मा को हर बूथ पर विजयी बनाना है।

पीएम मोदी ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस ने हमारे हजारों वर्षों की विरासत की सुध नहीं ली। इंडी गठबंधन वाले मेरे देश का मजाक उड़ाते हैं। बीते दस साल में हमने अपनी विरासत अपनी धरोहर को विश्व पटल पर स्थापित किया है। यह चाह कर भी इस नए भारत को बदल नहीं सकते हैं। दिल्ली में जी 20 की बैठक के दौरान हमने नालंदा विश्वविद्यालय के गौरवशाली को पूरे विश्व के सामने रखा। एनडीए भारत को 21वीं सदी का केंद्र बनाने के लिए समर्पित है। गुलामी की मानसिकता वालों ने हमारे योग तक को विदेशियों के हवाले कर दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने योग और आयुर्वेद को वैश्विक बनाने के लिए बड़ी घोषनाएं की है। एनडीए सरकार दुनिया के लिए योग और आयुर्वेद के प्रमाणित पाठ्यक्रम बनाने के लिए मदद देगी। इससे हमारे नौजवानों के लिए पूरी दुनिया में अवसर बनेंगे। मोदी का मिशन हमारे छोटे किसानों के मोटे अनाज श्री अन्न को दुनिया के घर-घर तक पहुंचाना है।

मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन की दूसरी योजना तो और भी खतरनाक है। हमारे पूर्वजों ने जो संविधान बनाया, जिस संविधान को बाबा साहेब ने लिखा, उसके खिलाफ कांग्रेस वाले धर्म के आधार पर आरक्षण लाना चाहते हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक में धर्म के आधार पर नया मॉडल बनाया है। अब वह पिछले दरवाजे से खेल खेल रहे। ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण भारत की संसद ने दिया है, संविधान ने दिया है। कर्नाटक में रातों-रात कागज पर ठप्पा मारकर मुसलमानों को ओबीसी बना दिया। इस तरह ओबीसी समाज का हक उन्होंने बांट दिया। यही काम देश और बिहार में करना चाहते हैं। इंडी गठबंधन वाले यादव, कुर्मी, निषाद, कुशवाहा और सभी पिछड़ी जातियों के आरक्षण पर डाका डालना चाह रहे हैं। धर्म के आधार पर आरक्षण अपनी वोट बैंक को देना चाहते हैं। इसमें भी राजद वाले कांग्रेस का पूरा साथ दे रहे। यह लोग कान खोलकर सुनकर लें जब तक मोदी है, तब तक यह एससी-एसटी और ओबीसी का हक छीनकर धर्म के आधार पर नहीं बांट पाएंगे।

Leave a Reply