शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु पुलिस ने ड्रग्स लेते किया गिरफ्तार, होटल में पार्टी के दौरान हो रहा था ड्रग्स का खुलेआम इस्तेमाल।

बॉलीवुड जगत से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर को बेंगलुरू पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। रविवार रात शहर में एक पार्टी में पुलिस ने रेड की थी, जिस दौरान सिद्धांत ड्रग्स लेता पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एमजी रोड स्थित एक होटल में छापा मारा, जहां एक पार्टी रखी गई थी। पार्टी में शामिल 6 लोग ड्रग्स टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए, जिसमें शक्ति कपूर के बेटे का नाम भी शामिल था।

बेंगलुरू पुलिस ने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह सभी ड्रग्स लेकर पार्टी में आए थे या फिर होटल में लिया। इसकी जांच की जा रही है। श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर भी फिल्म लाइन में हैं। वे कई बॉलीवुड मूवीज में नजर आ चुके है। फिल्मों के अलावा वे वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आए हैं।

सिद्धांत कपूर ने अपने करियर की शुरुआत 1997 में आई फिल्म जुड़वा से की थी। उन्होंने जज्बा, हसीना पारकर, पलटन, हैलो चार्ली और चेहरे जैसी फिल्मों में काम किया है। सिद्धांत हाल में रिलीज हुई सीरीज भौकाल में भी नजर आए थे।