दिलचस्प हुआ दानापुर का चुनावी रण, पूर्व DGP अशोक कुमार गुप्ता भी उतरे अखाडे़ में

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जहां चुनावी सरगर्मियां चरम पर है, वहीं उम्मीदवारों ने भी अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। हांलाकि पार्टियों ने अबतक सार्वजनिक रूप से प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गयी है। वैसे में एक विधानसभा क्षेत्र से एक हीं पार्टी के कई दावेदार भी सामने आ रहे हैं। यादवों का गढ़ माने जाने वाले दानापुर विधानसभा क्षेत्र में राजद की ओर से कई प्रत्याशी अपनी-अपनी दावेदारी में जुटे हैं।

राजद से चुनाव लड़ने की पूर्व डीजीपी की मजबूत दावेदारी

पूर्व डीजीपी और तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी रहे अशोक कुमार गुप्ता भी इस बार दानापुर विधानसभा क्षेत्र से हीं चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि अब जनता की पसंद स्थानीय उम्मीदवार हैं। इसलिए भी कि वह स्थानीय समस्याओं और परेशानियों को समझने की क्षमता रखता है। अशोक कुमार गुप्ता राजद की ओर से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। अशोक गुप्ता कहते हैं कि मेरी छवि ईमानदार रही है। आईपीएस अधिकारी के तौर पर मैंने बिहार की सेवा की है। अब मैं दानापुर के लोगों की सेवा करना चाहता हूं। वे आगे कहते हैं कि महिला एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना व्यवसाईयों के प्रति हो रही लगातार अपराध की घटनाओं की समाप्ति, दानापुर शहर में अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या को दूर करना, दानापुर क्षेत्र में पेयजल की समस्या का निदान, पीपा पुल से दियारा तक पक्के पुल का निर्माण शुरू करवाना, विद्युत शवदाह गृह बनवाना, दानापुर विधानसभा क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को दूर करने का प्रयास और दियारा के क्षेत्र में अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण मेरी प्राथमिकता रहेगी।

चला रहे जनसंपर्क अभियान

पूर्व डीजीपी सह राजद नेता अशोक कुमार गुप्ता लगातार दानापुर के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर रहे हैं। कोरोना आपदा के समय भी वे गांव में जाकर लोगों की मदद की। सैनिटाइजर और मास्क बांटे। साथ हीं जिन लोगों की रोजी-रोटी चली गयी थी, उन्हें अनाज उपलब्ध करवाया। हर सुख दुख में दानापुर के लोगों के साथ रहा करते हैं। दियारा के इलाके में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

मिल रहा जनता का भरपूर समर्थन

पूर्व डीजीपी लगातार जनता से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बीच जनता का उन्हें भरपूर समर्थन भी मिल रहा है।