MP समेत तीन राज्यों के लिए कांग्रेस की पहली सूची, 229 सीटों पर किसे-कहां से मिला टिकट?

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से 144 सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान किया गया है। वहीं, छत्तसीगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में से 30 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई है। इसी तरह तेलंगाना की 119 सीटों में से 55 सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं

राजस्थान- मिजोरम के लिए उम्मीदवारों का एलान जल्द

राजस्थान और मिजोरम विधानसभा के लिए उम्मीदवारों का एलान भी जल्द हो सकता है। आइये जानते हैं तीन राज्यों के लिए जारी की गई कांग्रेस की पहली सूची में क्या खास है…

तेलंगाना में 46 फीसदी से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों का एलान
तेलंगाना में पार्टी ने 46 फीसदी से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया। राज्य में कुल 119 विधानसभा सीटें हैं। 2013 में यहां पार्टी को 13 सीटों पर जीत मिली थी। हालांकि, इस वक्त केवल पांच विधायक ही हैं। पहली सूची में पांचों मौजूदा विधायकों को टिकट मिला है।नलगोंडा लोकसभा सीट से सांसद उत्तम कुमार रेड्डी को नलगोंडा जिले की हुजूर नगर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। रेड्डी तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में भी वह इस सीट से जीते थे। हालांकि, उनके सांसद बनने के बाद हुए उप चुनाव में यह सीट सत्ताधारी पार्टी टीआरएस के पास चली गई थी। पांच बार के विधायक रेड्डी पर एक बार फिर यह सीट जिताने की जिम्मेदारी होगी। रेड्डी राज्य में पार्टी के सबसे बड़े चेहरों  में शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में 30 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान
90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए कांग्रेस ने 30 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। पहली सूची में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव का भी नाम शामिल है। बघेल अपनी परंपरागत पाटन सीट से मैदान उतरे हैं। यहां उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और उनके भतीजे विजय बघेल से होगा। विजय इस वक्त भाजपा सांसद हैं। इसी तरह उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को एक बार फिर अंबिकापुर से पार्टी ने टिकट दिया है। यहां अभी भाजपा ने अपने उम्मीदवार का एलान नहीं किया है।
कांग्रेस की पहली सूची में सबसे ज्यादा 144 उम्मीदवार मध्य प्रदेश में घोषित
कांग्रेस की पहली सूची में सबसे ज्यादा 144 उम्मीदवार मध्य प्रदेश में घोषित किए गए है। पूर्व मुख्यमंत्री कमालनाथ एक बार फिर छिंदवाड़ा सीट से मैदान में होंगे। एक और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह राघोगढ़ से मैदान में होगें। जयवर्धन सिंह कमलनाथ सरकार में मंत्री रह चुके हैं। दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह भी एक बार फिर से चाचौड़ा विधानसभा से किस्मत आजमाएंगे।