बिहार जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की अचानक बिगड़ी तबियत, बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स के इमरजेंसी में किया गया भर्ती…….

बिहार जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के जाने-माने समाजवादी नेता वशिष्ठ नारायण सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई है जिसके बाद उनके बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया है। उनको यहां एम्स के इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। बुधवार की सुबह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वशिष्ठ नारायण सिंह की अस्वस्थता की सूचना मिली तो वो उनके घर पर पहुंचे और उनसे मिलकर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान पीएमसीएच के अधीक्षक और उनकी टीम वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास पहुंच कर उनके स्वास्थ्य की जांच की और मुख्यमंत्री को इसकी विस्तृत जानकारी दिया गया। इसके बाद सरकार ने तय किया कि बेहतर इलाज के लिए वशिष्ठ नारायण सिंह को दिल्ली के एम्स भेजा जाएगा।

सीएम नीतीश कुमार ने बीमार वशिष्ठ नारायण सिंह को तत्काल एयर एम्बुलेंस से दिल्ली भेजने का निर्देश दिया। जिसके बाद शाम पांच बजे वशिष्ठ नारायण सिंह को एयर एम्बुलेंस से पटना से दिल्ली रवाना किया गया। वशिष्ठ नारायण सिंह के साथ उनके करीबी नजम और एक डॉक्टर भी गए हैं। दिल्ली पहुंचने पर वशिष्ठ नारायण सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया है।

इससे पहले, जैसे ही यह खबर बिहार के राजनीतिक गलियारों में पहुंची तो दादा का हालचाल जानने तमाम नेता उनके आवास पर पहुंचने लगे। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने भी वशिष्ठ नारायण सिंह के घर जाकर उनकी सेहत की जानकारी ली। बाहर निकल कर उन्होंने मीडिया को बताया कि दादा की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही है। उन्हें गैस की समस्या काफी बढ़ गई है और सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी अस्वस्थता को देखते हुए सरकार के द्वारा उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए दिल्ली एम्स भेजा जाएगा। उम्मीद है दादा जल्द स्वस्थ हो कर पटना लौटेंगे।

वहीं, वशिष्ठ नारायण सिंह की बीमारी का पता चलने पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी के नेता मंगल पांडे भी उनको देखने पहुंचे।