भाजपा और जदयू में जुबानी जंग छिड़ी हुई है…राज्य के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के बीच जुबानी वार-पलटवार छिड़ी…

केंद्र से बिहार को अधिक मदद न मिलने के प्रश्न पर भाजपा और जदयू में जुबानी जंग छिड़ गई है। अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने राज्य के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी को अक्षम कह दिया। जिसपर विजय चौधरी ने पलटवार किया है।

विजय चौधरी ने जवाब दिया कि संजय जायसवाल को भी वित्तीय मामलों की समझ नहीं है। अगर समझ होती तो वह केंद्र सरकार को ही कटघरा में नहीं खड़ा करते। चौधरी ने कहा कि जायसवाल जिन 105 योजनाओं की बात कर रहे हैं, वह सब केंद्र सरकार की हैं। वह अगर जमीन पर नहीं उतर रही हैं तो उसके लिए केंद्र सरकार ही जिम्मेवार है। वो अपनी ही पार्टी पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोदी सरकार पर बिहार की अनदेखी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि लंबे समय से बिहार को विशेष दर्जा देने की मांग कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार विशेष राज्य का दर्जा नहीं दे रही है। केंद्र सरकार उल्टे राज्य के विकास में बाधा पहुंचाने की कोशिश कर रही है। केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए फंड नहीं दे रही है। राज्य अपने स्तर से विकास के लिए कर्ज लेने का प्रयास करता है तो केंद्र से उसकी अनुमति नहीं मिलती। ऐसे में गरीब राज्य आगे कैसे बढ़ेगा? हमलोग अपने संसाधन से राज्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने ये बातें पटना में बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान कही थी।