हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की विदाई, 56 साल बाद मिला OBC सीएम, नायब सिंह सैनी बने नये मुख्यमंत्री

हरियाणा में सियासी हलचल के बीच मनोहर लाल खट्टर की विदाई हो गई है। नायब सिंह सैनी हरियाणा के अब नये मुख्यमंत्री होंगे। बता दें नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। बता दें कि मनोहर लाल खट्टर 9 साल से ज्यादा समय से सीएम थे। आज उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह अब नायब सिंह सैनी हरियाणा के सीएम होंगे। मिली जानकारी के अनुसार मनोहर लाल खट्टर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। करनाल सीट से उन्हें पार्टी मैदान में उतार सकती है।

हरियाणा को 56 साल बाद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से नायब सैनी (Nayab Saini) के रूप में मुख्यमंत्री मिला है। प्रदेश में पांच दशक से अधिक समय के बाद दूसरी बार नायब सैनी के रूप में अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। मध्य प्रदेश में मोहन लाल यादव के बाद हरियाणा दूसरा ऐसा राज्य है, जहां भाजपा ने अन्य पिछड़ा वर्ग से मुख्यमंत्री दिया है। भाजपा के इस दांव से कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जातीय कार्ड खेलने की रणनीति को गहरा धक्का लगा है।

हरियाणा में ओबीसी की संख्या करीब 33 प्रतिशत है, जो किसी भी चुनाव में राजनीतिक दलों की हार जीत का बड़ा कारण बनते हैं। नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा जहां ओबीसी का समर्थन हासिल करेगी, वहीं मनोहर लाल के नेतृत्व में पंजाबियों को पार्टी से जुड़ने का काफी लाभ मिलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।