बिहार के जमुई में विपक्ष पर जमकर बरसे पीएम मोदी और सीएम नीतीश, बोले- घमंडिया गठबंधन वाले बिहार में लालटेन की लौ जलाना चाहते हैं

लोकसभा चुनाव के ऐलान के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने आज से बिहार में चुनावी शंखनाद कर दिया। उन्होंने जमुई में जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने राजद और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार सोलर पॉवर और एलईडी बल्व की बात करती है। वहीं घमंडिया गठबंधन वाले बिहार में लालटेन की लौ जलाना चाहते हैं। हमलोग बिहार में उद्योग और काराखाना लगा रहे वहीं राजद के लोग अपहरण का उद्योग चलाते थे। हमलोग हाईवे और एक्सप्रेस वे बना रहे हैं जबकि राजद के लोगों ने बिहार में गड्ढे और खाई बनाई। राजद और कांग्रेस ने बिहार और बिहार के गौरव का अपमान किया। इन लोगों ने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया। कुछ समय पहले एनडीए सरकार ने कर्पूरी जी को भारत रत्न दिया तो राजद और कांग्रेस ने विरोध किया। रामनाथ कोविंद और द्रौपदी मुर्मू जी के राष्ट्रपति बनने का भी इनलोगों ने विरोध किया। उन्होंने लोगों से कहा कि आपलोग घर-घर जाकर सबको बताएं कि मोदी जी आए थे और सबको अपना प्रणाम कहा है ।

मोदी ने कहा कि पहले गरीबों का पैसा बीच में लूट लिया जाता था। अब वह पैसा सीधे आपके खाते में जा रहा है। जमुई में ही किसानों को 850 करोड़ से अधिक राशि उनके बैंक खाते में पहुंचे हैं। आप बताइए घमंडिया सरकार होती तो आपके खाते में पैसे पहुंचती क्या? राजद और कांग्रेस की सरकार होती तो आप फर्जी साइन भी करवा लेते और कहते कि पैसा पहुंच गया। बिहार ने जंगलराज का दंश झेला। आज भ्रष्टाचारी मेरे खिलाफ अनाप-शनाप बाेलते रहते हैं।

मोदी ने कहा कि 10 साल में जो हुआ वह तो ट्रेलर है, अभी तो बहुत काम करना है। बिहार और देश को बहुत आगे लेकर जाना है। यह मोदी गरीबी के ताप को सहकर यहां तक पहुंचा है। इसलिए हर गरीबी का दर्द मोदी जानता और महसूस करता है। यह मोदी की गारंटी है कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है। इसलिए केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता दी। बिहार के गरीबों को 37 लाख पक्के मकान मिले हैं। नौ करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला है। और, मोदी की गारंटी है आगे पांच साल तक मिलता रहेगा।

मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस की सरकार के काले दौर में जमुई नक्सल प्रभावित इलाका कहा जाता था। सरकारी योजना यहां नहीं पहुंचती थी। यहां नक्सली सड़कें नहीं बनने देते थे। जमुई ने राजद के जंगलराज की कितनी बड़ी कीमत चुकाई है? यह सबको पता है। आज एनडीए सरकार में जमुई विकास के हाईवे पर तेज रफ्तार पकड़ चुका है। नक्सलवाद दम तोड़ रहा है। बिहार ने जंगलराज का दंश झेला है। अब इस इलाके एक्सप्रेस वे निकलेगा। लालू पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग नौकरी के नाम पर जमीन लिखवा वह देश का भला कभी नहीं कर सकते हैं। नीतीश बाबू भी रेल मंत्री रहे लेकिन उनके खिलाफ कभी शिकायतें नहीं आईं। कोई सवाल नहीं उठा। घमंडिया गठबंधन की सरकार में खराब हालत वाली ट्रेनें चलती थीं। आज वंदे भारत ट्रेनें बिहार में दौड़ रही है।

मोदी ने जमुई और बिहार की जनता को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि यह जनसभा नहीं विजयी सभा है। कहा कि बिहार की 40 सीटें एनडीए को आशीर्वाद देने के लिए मैं आप सबको नमन करता हूं। इसलिए पूरा बिहार कह रहा है कि फिर एक बार एनडीए सरकार। मैं जब भी आपके बीच आया हूं आपका प्यार मिला। आज इस मंच से एक कमी महसूस हो रही है कि जब बिहार के बेटे और मेरे मित्र व पद्म विभूषण से सम्मानित राम विलास पासवान जी हमारे बीच नहीं है। मुझे संतुष्टि है कि रामविलास जी के विचारों को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान अच्छी तरह से निभा रहे हैं। पीएम मोदी ने लोजपा प्रत्याशी अरुण भारती के लिए वोट मांगा।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को आपने भारत रत्न दे दिया। इसके लिए हमलोग लगातार मांग कर रहे थे। मैं आपका स्वागत करता हूं। 2005 से पहले शाम में कोई घर से बाहर नहीं निकल पाता था। आज वह लोग बहुत बातें कर रहे हैं। 15 साल तक उनलोगों को मौका मिला लेकिन क्या किया। 2005 के बाद हमलोग आए तो शाम और रात में लड़का और लड़की घर से बाहर निकालते हैं। तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमलोगों के काम को अपना काम बता रहा है। हम कुछ दिन के लिए साथ क्या गए सारे काम को अपना बताने लगा। अब हम हमेशा के लिए इधर (एनडीए) आ गए हैं। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों ने कितना काम किया। 2005 से पहले हिन्दू-मुस्लिम का झगड़ा होता था। मुस्लिम समुदाय से अपील है कि भूलियेगा मत। हमलोग झगड़ा नहीं होने देंगे। फिर उनलोगों को वोट दीजिएगा तो झगड़ा शुरू करवा देगा। विपक्ष के झांसे में नहीं आना है। नीतीश कुमार ने सात निश्चय समेत कई योजनाओं का जिक्र कर बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि पहले भी आठ लाख नौकरी दिए थे। अब 10 लाख रोजगार देने के वादे पर काम कर रहे  हैं।