बेगूसराय गोलीकांड में आया नया मोड़ 4 अपराधियों के शामिल होने का आशंका, मुख्यमंत्री ने कहा यह साजिश है…..

बेगूसराय गोलीकांड मामले के 30 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। मोटरसाइकिल पर सवार होकर सनकी बदमाशों ने 25 किलोमीटर अलग-अलग इलाकों में राह चलते लोगों को गोली मारी और अब इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। नीतीश कुमार ने इस पूरे मामले में किसी साजिश की आशंका जताई है।

राज्य में सरकार बदली है अब हर एक पहलू को देखा जायेगा…..नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बेगूसराय गोलीकांड को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस घटना के बारे में कई लोगों ने जानकारी दी। ऐसा लग रहा है कि बेगूसराय में किसी ने जान-बूझकर इस खूनी खेल को अंजाम दिया है। ये किसी की साजिश लग रही है। क्योंकि जहां पर घटना हुई है वहां एक तरफ पिछड़ी जाति के लोग थे तो दूसरी ओर अल्पसंख्यक समाज की आबादी। हमने अधिकारियों को कह दिया है कि एक-एक चीज पर नजर रखें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगे कहा कि राज्य में सरकार बदली है। इन चीजों को देखा जाएगा। हमने पहले ही अलर्ट रहने को कहा है। पुलिस मामले को सर्तकता से देख रही है। आज भी मैने बैठक बुलाकर सारे तथ्यों को जाना है। मैनें सतर्क पहले ही कर दिया है। जो किया जा रहा है, इसका मतलब साफ है। वहीं इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फायरिंग मामले में अधिकारियों को कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये हैं।

डीजीपी एसके सिंघल और मुख्यमंत्री के बीच घंटो हुई बात……

बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को डीजीपी एसके सिंघल को तलब किया और कानून- व्यवस्था बनाये रखने में लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिये। बिहार के डीजीपी बुधवार को करीब एक घंटे तक सीएम आवास पर रहे। मामले में अब तक की प्रगति और दोबारा ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसका आश्वासन उन्होंने सीएम को दिया।

बेगूसराय गोलीकांड में दो नही चार आरोपी थे शामिल…..


गौरतलब है कि बेगूसराय गोलीकांड मामले में बेगूसराय एसपी ने बुधवार को चार संदिग्धों की तस्वीर जारी की है। इस मामले में अब एक नया टर्न आया जब दो के बदले अब चार अपराधियों के संलिप्त रहने की बात पुलिस के द्वारा की गयी। सुराग देने वालों को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गयी। पहचान गुप्त रखी जाएगी।