राजस्थान चुनाव में भाजपा ने जारी की 83 प्रत्याशियों की सूची, वसुंधरा राजे झालरापाटन से ही लड़ेंगी

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 83 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। वसुंधरा राजे झालरापाटन से ही चुनाव लड़ेंगी, वहीं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की सीट बदल दी गई है। उन्हें चूरू की बजाय तारानगर से टिकट दी गई है। वे पहले भी तारानगर से चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं उदयपुर के पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ को नाथद्वारा से टिकट दिया गया है, वे कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे

जयपुर की विद्याधर नगर सीट से विधायक नरपत सिंह राजवी को अब चित्तौड़गढ़ से टिकट दिया गया है। पहली सूची में भाजपा ने उनका टिकट काटकर राजसमंद सांसद दीया कुमारी को विद्याधर नगर से टिकट दिया था।

कई पूर्व मंत्रियाें को भी टिकट

भाजपा ने कई पूर्व मंत्रियों को भी टिकट दिया है। इनमें प्रताप सिंह सिंघवी, श्रीचंद कृपलानी, नरपत सिंह राजवी, ओटाराम देवासी, पुष्पेंद्र सिंह राणावत, अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, काीचरण सर्राफ, राजेंद्र राठौड़ सहित कई पूर्व मंत्री शामिल हैं

9 अक्तूबर को भाजपा ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी थी। जिसमें प्रदेश की 41 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया था। इनमें से 39 सीटें भाजपा पिछले चुनाव में हार गई थी। यहां नए चेहरों के अलावा सात सांसदों को भी टिकट दिया गया है।

25 नवंबर को मतदान

30 अक्तूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। छह नवंबर तक नामांकन किया जा सकता है। सात नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नौ नवंबर नाम वापसी की आखिरी तारीख है। 25 नवंबर को मतदान होगा, जबकि नतीजे तीन दिसंबर को सामने आएंगे।