
काठमांडूः पूर्वी नेपाल में गुरुवार को यानी आज एक यात्री बस एक पहाड़ी से फिसलकर 300 मीटर की गहराई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि उसमें सवार कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि हादसा गुरुवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे तब हुआ, जब चालक का स्टीयरिंग पर से नियंत्रण खो गया। जिसके कारण बस में सवार 20 यात्रि सहित बस पहाड़ी सड़क से फिसलकर 300 मीटर नीचे गिर गई। यह बस संखुवसावा के मड़ी से झापा के लिए निकली थी।
अधिकारीयों ने कहा कि हादसे में कम से कम 14 यात्री मारे गए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान होना अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल से पांच लोगों को जिंदा निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है और इनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। अधिकारी ने कहा, ‘यात्री बस पहाड़ी सड़क से 300 मीटर की गहराई में गिरी है। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देने में जुटी हुई है।’
नेपाल में सड़क दुर्घटनाएं बहुत आम हैं, खासकर देश के पहाड़ी इलाकों में। पिछले महीने एक नवविवाहित जोड़े और शादी के कुछ लोगों को ले जा रहा एक यात्री वाहन पश्चिमी नेपाल में एक पहाड़ी सड़क पर फिसल गया, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए थे।
You must be logged in to post a comment.