तेज आंधी की रफ्तार में ढह गई ताजमहल के मुख्य मकबरे पर लगी संगमरमरी जालियां, सिकंदरा समेत कई स्मारकों को पहुंचा नुकसान, 

ताजनगरी में शुक्रवार को 124 किमी की रफ्तार से आई आंधी ने न केवल ताजमहल बल्कि सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग समेत कई स्मारकों को काफी नुकसान पहुंचाया है। ताजमहल में संगमरमर और लाल पत्थर की जालियों के अलावा पश्चिमी गेट की चूल टूट जाने से गेट टेढ़ा हो गया, वहीं फैसिलिटी सेंटर में भी छत और मेटल डिटेक्टर टूट गए। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने शनिवार सुबह से ही टीमें भेजकर नुकसान का आकलन कराया

कहां कहां हुआ नुकसान

मुख्य मकबरा: एक घंटे तक तबाही मचाती रही आंधी ने ताजमहल में मुख्य मकबरे पर लगी संगमरमरी जालियों को तोड़ दिया तो वहीं यमुना किनारे पर चमेली फर्श की लाल पत्थर की जालीदार रेलिंग टूट गई।

पश्चिमी गेट: ताज के पश्चिमी गेट पर लकड़ी के भारी दरवाजे हवा का दबाव नहीं झेल पाए। दरवाजों की चूल हिल गईं। एक दरवाजे की चूल टूट जाने से पश्चिमी गेट टेढ़ा हो गया। चमेली फर्श पर टूटी रेलिंग गिरने से चार पत्थरों को नुकसान हुआ।

सेंट्रल टैंक: ताज के अंदर सेंट्रल टैंक के दोनों ओर बगीचे को भारी नुकसान पहुंचा है। 40 से ज्यादा पेड़ आंधी में टूट गए हैं। जिनमें काफी पुराने पेड़ शामिल है। इसके अलावा चमेली फर्श पर नीचे लाल पत्थर की जालियां भी टूट गई है।

ताजमहल के दोनों प्रमुख गेट और पूर्वी और पश्चिमी गेट पर पर्यटकों के प्रवेश के लिए बनाए गए फैसिलिटी सेंटर में मेटल डिटेक्टर, फाल्स लिंग,ऑटोमेटिक गेट गिर पड़े

मेहताब बाग

आंधी के कारण मेहताब बाग में यमुना किनारे की बाउंड्री की ओर एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा, जिससे बाउंड्री को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा पुराने पेड़ों की कई डालियां टूटकर गिर पड़ी हैं। गेट पर रखा टिकट काउंटर भी आंधी में नीचे जा गिरा

मरियम टॉम्ब

मरियम टॉम्ब में आंधी के कारण बाउंड्री पर लगा पेड़ गिर पड़ा, जिससे पूरी बाउंड्री ध्वस्त हो गई। यहां प्रवेश द्वार पर लगे कई इनले पीस भी आंधी का दबाव सह नहीं सके और नीचे गिर पड़े। स्मारक के अंदर भी पेड़ टूटे हैं

अकबर का मकबरा, सिकंदरा

सिकंदरा में प्रवेश द्वार के इनले पीस को नुकसान पहुंचा है। अंदर चारों बाग में 20 से ज्यादा पेड़ टूटे हैं। सिकंदरा की पार्किंग और प्रवेश द्वार पर पेड़ों की डालियां भी टूट कर नीचे गिर पड़ी हैं।

जल्द शुरू करेंगे मरम्मत

अधीक्षण पुरातत्वविद बसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि ताजमहल के साथ अन्य स्मारकों में भी आंधी के कारण नुकसान हुआ है। टीम भेजकर सुबह से ही नुकसान का आकलन करा लिया है। मरम्मत का काम जल्द शुरू कराया जाएगा।