चीन में कोरोना के सख्ती के कारण जेंगझोउ शहर में उग्र हुआ प्रदर्शन….

चीन के जेंगझोउ शहर में iPhone बनाने वाली सबसे बड़ी फैक्ट्री है। यह प्लांट Foxconn का है। चीन में कोरोना के खिलाफ अपनाई जा रही सख्त नीति के चलते जेंगझोउ शहर में लंबे समय से लॉकडाउन जैसे हालात हैं। शी जिनपिंग की जीरो कोविड पॉलिसी के चलते जिस भी शहर में कोरोना पाया जाता है, वहां सख्त लॉकडाउन लगा दिया जाता है। कुछ दिनों पहले लॉकडाउन के चलते Foxconn के हजारों कर्मचारी फैक्ट्री छोड़कर भाग गए थे। अब Foxconn ने हजारों नए कर्मचारियों को भर्ती किया है। कोरोना के खतरे के चलते इन नए कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बुधवार की सुबह ये प्रदर्शन काफी उग्र हो गया। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कंपनी के कर्मचारी पुलिसकर्मियों के साथ झड़प करते दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हैं जिनके मुताबिक, कंपनी के कर्मचारी अपने हॉस्टल से बाहर गए। ये कर्मचारी स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस से भिड़ गए। कहा जा रहा है कि यह प्रदर्शन पैसे न मिलने और कोरोना फैलने के डर से शुरू हुआ है। हिंसक झड़प में कई कर्मचारी और पुलिस के जवान घायल हुए हैं। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए कार्य में लगी हुई है।

Foxconn कंपनी के प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों की चिंता है कि वे कोरोना से संक्रमित हो सकते हैं। नए कर्मचारियों को डर है कि अगर वे पुराने कर्मचारियों के साथ काम करने जाते हैं तो वे भी कोरोना वायरस की चपेट में आ जाएंगे। अक्टूबर महीने में लॉकडाउन लगाए जाने के बाद से यह पहला मौका है जब ये प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं। आपको बता दें कि iPhone City के नाम से मशहूर इस शहर में दो लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं लेकिन कोरोना के चलते इस शहर में लॉकडाउन लागू कर दिया है।

हाल ही में चीन ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि कोविड पर रोकथाम के लिए वे सख्ती से पेश आएं। इस नीति के खिलाफ चीन के कई राज्यों में हिंसक प्रदर्शन भी हुए हैं। इससे पहले, शंघाई की एक फैक्ट्री में भी हिंसक प्रदर्शन हुए थे। जेंगझोउ में बना Foxconn प्लांट iPhone बनाने वाला सबसे बड़ा प्लांट है। लगातार हो रहे प्रदर्शनों से एपल की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।