अंबाला में उतरा ‘तूफान’ वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया, राफेल के स्वागत में पीएम मोदी ने कुछ यूं किया वेलकम ट्वीट

भारतीय वायुसेना की ताकत आज कई गुणा बढ़ गयी है, जब फ्रांस से 7 हजार किमी की दूरी तय करके 5 राफेल दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर अंबाला एयरबेस पर उतरे। राफेल ने कुछ देर तक अंबाला के आसमान पर गरजते हुए उड़ान भरी और फिर एयरबेस पर स्मूद लैंडिंग की। पांचों राफेल एक ही एयरस्ट्रिप पर एक के बाद एक उतरे। इसके बाद इन्हें वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया।

इन्होंने की आगवानी

राफेल की अगवानी वायुसेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया समेत वेस्टर्न एयर कमांड के कई अधिकारियों ने की। अंबाला एयरबेस पर 17वीं गोल्डन एरो स्क्वॉड्रन राफेल की पहली स्क्वॉड्रन होगी। 22 साल बाद भारत को 5 नए फाइटर प्लेन मिले हैं। इससे पहले 1997 में भारत को रूस से सुखोई मिले थे।

पीएम मोदी ने कुछ यूं किया वेलकम ट्वीट

प्रधानमंत्री ने अंबाला में राफेल के टच डाउन का वीडियो शेयर करते हुए संस्कृत में ट्वीट किया कि राष्ट्र रक्षा के समान कोई पुण्य, व्रत या यज्ञ नहीं होता। उन्होंने इंडियन एयर फोर्स के आदर्श वाक्य ‘नभः सदृशं दीप्तम्’ के साथ स्वागतम् भी लिखा।

चिड़िया अंबाला में सुरक्षित उतर गयी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल की लैंडिंग के तुरंत बाद ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- चिड़िया अंबाला में सुरक्षित उतर गई। भारत की सरजमीं पर राफेल का उतरना सैन्य इतिहास में एक नए युग की शुरुआत है।

हैप्पी लैंडिंग, हैप्पी हंटिंग- नेवी का मैसेज

जब राफेल की टुकड़ी ने भारत के एयरस्पेस में प्रवेश किया, तब उसका आईएनएस कोलकाता से संपर्क हुआ। नौसेना के इस जहाज ने राफेल की टुकड़ी से संपर्क साधा और कहा- ‘एरो लीडर, हिंद महासागर में आपका स्वागत है। हैप्पी लैंडिंग, हैप्पी हंटिंग।’