बिहार को एक नया पॉलिटिकल ऑप्शन, आशुतोष कुमार ने “राष्ट्रीय जन जन पार्टी” का किया गठन

बिहार के मतदाताओं को एक नया पॉलिटिकल ऑप्शन मिला है। भूमिहार-ब्राह्मण एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने राजधानी पटना में राष्ट्रीय जन जन पार्टी के गठन की घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि पिछले एक दशक में बिहार में मजबूत राजनीतिक विकल्प की मांग को लेकर निरंतर कोई न कोई आंदोलन देखने को मिलता रहा है। बिहार के युवा किसान मजदूर पिछले 30 वर्षों में खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। 7 नवंबर 2019 को पटना के गांधी मैदान में सरकार के खिलाफ सवर्णों के लिए 5 सूत्री मांगों को लेकर रैली का आयोजन किया गया था, जिसमें लाखों किसान व युवाओं ने भाग लिया था। उस वक्‍त 5 सूत्री मांगों के लिए सरकार को 6 महीने का अल्टीमेटम दिया गया था, मगर 6 महीने से अधिक होने के बावजूद सरकार ने जनाक्रोश को तवज्जो देना ठीक नहीं समझा। तब जाकर सर्व समाज के कहने पर आज राजनीतिक दल का गठन करना पड़ा।

बेरोजारी की फैक्ट्री बना बिहार

राष्ट्रीय जन जन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने कहा कि आजादी के बाद बिहार भारत का सबसे विकासशील राज्य था। श्री बाबू के नेतृत्व में यहां चौमुखी विकास हो रहा था। उनके बाद समाजवाद के नाम पर राजनीतिक रोटी सेंकने वालों ने बिहार को बेरोजगार पैदा करने वाली फैक्ट्री के रूप में परिवर्तित कर दिया। मगर आज स्थितियां बदल गई है। हमारी सरकारें कौशल से परिपूर्ण युवाओं के लिए बिहार में कोई सुविधा मुहैया नहीं कराती है और टूट-फूट जातिवाद की राजनीति से अपना रोटी सेंकती है। इस पर अब अंकुश लगाने का वक्‍त आ गया है।

हम बिहार को विकसित बनाएंगे

पार्टी के उद्देश्‍यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी बिहार को विकसित राज्य की श्रेणी में लाने का काम करेगी। हम राज्‍य में छोटे – बड़े उद्योग धंधे स्थापित कर औद्योगिक क्रांति की ओर कदम बढ़ायेंगे। बिहार क्रांति की भूमि रही है। हमें पूर्ण विश्वास है कि औद्योगिक क्रांति के रास्ते पर चलकर हम स्वर्णिम बिहार का सपना साकार करेंगे। हम बिहार में वर्षो से बंद पड़े चीनी मिल, पेपर मिल, जूट मिल, रेशम तथा उद्योगों को पुनर्जीवित कर रोजगार का सृजन कर राज्य से भटक रहे लाखों युवाओं को रोजगार दिलाएंगे। वर्तमान सरकार की मेधावी युवाओं के खिलाफ साजिश नियोजन नीति को समाप्त कर पूर्णकालिक वेतनमान की नीति अपनाएंगे। राष्ट्रीय जन जन पार्टी बिहार के तमाम युवा बेरोजगार किसान मजदूर की समर्पित पार्टी है, जो जातिवाद और तुष्टीकरण से उठकर विकासवाद पर काम करेगी।