
देश में कोरोना के केस एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। एक्सपर्ट्स इसे चौथी लहर भी बता रहे हैं। बिहार में भी इसकी एंट्री होती दिख रही है। या कहें तो कुछ लोगों की लापरवाही से इसकी एंट्री हो ही जाएगी। औरंगाबाद से बीजेपी सांसद सुशील कुमार सिंह और उनकी पत्नी आरती सिंह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सांसद महोदय ने ट्वीट कर के भी इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि लक्षण दिखने के बाद टेस्ट करवाया। जिसमें मैं और मेरी पत्नी पॉजिटिव आए हैं। लेकिन सांसद जी ये भूल गए कि अगर उन्हें लक्षण थे तो सार्वजनिक कार्यक्रम से दूरी भी बना लेनी चाहिए थी।
सांसद जी ने अपने आवास पर जनता दरबार लगाया था। जिसमें सैंकड़ों की भीड़ जुटी थी। इसके बाद वो हजारों की भीड़ वाले एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। आशंका जताई जा रही है कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के चलते संक्रमण की चेन बढ़ सकती है। जिले में शनिवार को 51 दिन बाद कोरोना का नया मामला आया है। औरंगाबाद में शनिवार को 1016 लोगों का कोविड टेस्ट किया गया। इसमें सासंद और उनकी पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। जबकि अन्य लोगों की रिपोर्ट निगेटिव है।
लक्षण के बावजूद कार्यक्रम में हुए शामिल
सांसद सुशील कुमार सिंह के पॉजिटिव आने के बाद संक्रमण चेन बढ़ सकती है। क्योंकि वे शुक्रवार को शहर के ओवरब्रिज बाइपास के पास वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, राज्यसभा सांसद अवधेश नारायण सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री जनक राम समेत कई दिग्गज शामिल थे। इसके साथ-साथ जिले के भी कई बड़े नेता प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
शुक्रवार की कार्यक्रम के अलावा आज सांसद सुशील सिंह ने अपने आवास पर जनता दरबार लगाया।
जिसमें उन्होंने अपनी समस्या लेकर पहुंचे फरियादियों से मुलाकात की। हालांकि, शनिवार की शाम जब रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। साथ ही अपने संपर्क में आए लोगों से जांच करवाने की अपील की।
You must be logged in to post a comment.