
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और भारत के चर्चित कवि कुमार विश्वास के घर पर बुधवार की सुबह पंजाब पुलिस के जवान पहुंचे। कवि कुमार विश्वास ने ट्वीट कर खुद ही इसकी जानकारी दी है। इसके साथ ही, अपने ट्वीट के जरिए उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को चेतावनी भी दी है कि दिल्ली में बैठा आदमी एक दिन तुम्हें और पंजाब को भी धोखा दे सकता है। हालांकि, अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि पंजाब पुलिस कवि कुमार विश्वास के घर पर किस लिए पहुंची है।
बुधवार की सुबह कुमार विश्वास ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है कि पंजाब पुलिस उनके घर पर पहुंची है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम दिल्ली में बैठे जिस आदमी को पंजाब के लोगों की दी हुई ताक़त से खेलने दे रहे हो, वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे।
बताते चलें कि पंजाब में अभी हाल के महीने में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव से पहले कवि कुमार विश्वास ने अपने एक बयान में कहा था कि अरविंद केजरीवाल किसी भी तरह से पंजाब के सीएम बनना चाहते थे। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर कट्टरपंथियों से मिलीभगत होने का गंभीर आरोप लगाया था। इस बयान को लेकर काफी विवाद हुआ था और अरविंद केजरीवाल ने भी इस पर रिएक्शन दिया था।
एक साक्षात्कार के दौरान कुमार विश्वास के बयान से जुड़े सवाल पर अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि मैं दुनिया का पहला ऐसा आतंकवादी हूं, जो स्कूल और अस्पताल बनवाता है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी को यह पता नहीं था और बड़ी-बड़ी एजेंसियां इस बारे में खुलासा नहीं कर पाईं, लेकिन एक कवि ने अचानक यह जानकारी पूरी दुनिया को दी है।
You must be logged in to post a comment.