बिहार के पूर्व राज्यपाल सरदार बूटा सिंह के निधन पर PM मोदी और CM नीतीश कुमार ने जताया शोक, कहा-देश ने एक वरिष्ठ नेता को खो दिया

पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार बूटा सिंह का निधन हो गया। 86 वर्षीय बूटा सिंह लंबे समय से बीमार थे। पंजाब के जालंधर जिले के मुस्तफापुर गांव में 21 मार्च, 1934 को जन्मे सरदार बूटा सिंह 8 बार लोकसभा के लिए चुने गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बूटा सिंह के निधन पर शोक जताया है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सरदार बूटा सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

बूटा सिंह के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं-पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेसी नेता बूटा सिंह के निधन पर शोक जताया। प्रधानमंत्री ने कहा, ”बूटा सिंह गरीबों और दलितों के कल्याण के लिए अनुभवी प्रशासक और प्रभावी आवाज थे। उनके निधन से दुखी हूं। बूटा सिंह के परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

देश ने एक सच्चा जनसेवक और निष्ठावान नेता खो दिया-राहुल

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ”सरदार बूटा सिंह के देहांत से देश ने एक सच्चा जनसेवक और निष्ठावान नेता खो दिया है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और जनता की भलाई के लिए समर्पित कर दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। इस मुश्किल समय में उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं।”

उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि स्व0 सरदार बूटा सिंह के रूप में देश ने एक वरिष्ठ नेता को खो दिया है। स्व0 बूटा सिंह ने बिहार के राज्यपाल एवं केन्द्रीय मंत्रिमंडल में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। वे गरीबों के उत्थान के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुयी है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।