सीएम नीतीश कुमार ने राजगीर में 8 सीटों वाले रोपवे और नेचर सफारी का किया उद्घाटन, राजगीर में बना देश का दूसरा ग्लास स्काईवॉक शुरू

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र राजगीर में 8 सीटों वाली रोपवे और नेचर सफारी का उद्घाटन किया। उन्होंने नेचर सफारी में बने ग्लास ब्रिज का भी मुआयना किया। आज से इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया।इस सफारी के कैंप एरिया में ट्री हट, वूडेन हट, बांवू हट, मड हट हाउस आदि के बनाए जाने से यह बेहद रमणीय हो गया है. जिसमें पर्यटक पेईंग गेस्ट बनकर भी इसमें कुछ दिन बिता सकेंगे. जबकि, इसमें भी एक छोटा सा बटरफ्लाई पार्क का निर्माण किया जा रहा है.

छोटा सा बटरफ्लाई पार्क का निर्माण

गौरतलब है कि बीते साल 19 दिसंबर को सीएम नीतीश कुमार ने नेचर सफारी का अवलोकन किया था. इस क्रम में उन्होंने ग्लास स्काई वॉक ब्रिज सहित अन्य इवेंट का जायजा लिया था. वन प्रमंडल नालंदा सहित निर्माण एजेंसी को इसे फौरन कंप्लीट करने का निर्देश भी जारी किया था.

1 घंटे में रोपवे पर 800 लोग कर सकते हैं सफर

राजगीर में बने नए रोपवे के निर्माण में ₹ 20 करोड़ 18 लाख 57000 खर्च हुए हैं। रोपवे में कुल 20 केबिन लगाए गए हैं, इनमें 18 केबिन पर्यटकों के लिए है। 1 घंटे में रोपवे पर 800 लोगों को सफर कराया जाएगा। इसके लिए प्रति व्यक्ति टिकट की दर ₹100 से लेकर ₹120 किया जा सकता है।

स्काई वॉक ब्रिज की लंबाई 85 फीट और चौड़ाई 5 फीट

राजगीर में पर्यटकों के लिए एक नया आयाम जुड़ रहा है। यहां 20 करोड़ की लागत से बन रहे जू सफारी में स्काई वॉक ब्रिज बन रहा है जो देश का दूसरा और बिहार का पहला है। पहला स्काई ब्रिज सिक्किम में है। इसे वन विभाग बनवा रहा है। स्काई वॉक ब्रिज की लंबाई 85 फीट और चौड़ाई 5 फीट है। इसे वैभारगिरी की दो चोटी के बीच गहरी खाई के ऊपर बनाया गया है। यह खाई लगभग 200 फीट गहरी है।