मायावती के साथ उपेन्द्र कुशवाहा जोड़ा नाता, महागबंधन पर बोले-वे नीतीश मुक्त नहीं कर सकते बिहार

महागठबंधन से अलग होने के बाद एनडीए में शिमल होने के कयासों को रालोसपा सुप्रीमों ने खारिज कर दिया है। उन्होंने मंगलवार को पटना में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि न तो वे एनडीए में शमिल हो रहे हैं, और न हीं महागठबंधन में रहेंगे। राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन में इतनी ताकत नहीं है कि वह बिहार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुक्ति दिला सके। इसके चलते हमने बीएसपी (बहुजन समाज पार्टी) के साथ गठबंधन किया है। हम बिहार को नया और बेहतर विकल्प देने जा रहे हैं।

तेजस्वी पर भी साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी जमकर निशाना साधा, कहा- राजद को अपना नेतृत्व बदलना चाहिए। जब पार्टी का मुखिया ही दसवीं पास नहीं है तो वे बेहतर शिक्षा देने का दावा कैसे कर सकते हैं। हमारा गठबंधन बिहार की सभी 243 सीट पर चुनाव लड़ेगा। हमारी कोशिश सरकार बनाने की होगी। चिराग पासवान के बारे में पूछने पर कहा कि उनसे कोई बात नहीं हुई है, लेकिन हमारे गठबंधन में कोई भी आएगा तो उसका स्वागत करेंगे। इस गठबंधन में जनवादी पार्टी सोशलिस्ट भी शामिल है।

नीतीश ने कितने भ्रष्टाचारियों के घर जब्त किए

उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा, उससे पहले महागठबंधन पर भी कई तरह के आरोप लगाए। कहा जिस तरह से महागठबंधन चल रहा है उससे वे बिहार को नीतीश कुमार से मुक्त नहीं करा पाएंगे। नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को खूब सपने दिखाए हैं। उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं करेंगे। भ्रष्टाचारियों के मकान और जमीन को जब्त करेंगे। ऐसे कितने भ्रष्टाचारी हैं जिनके मकान और जमीन को जब्त कर वहां स्कूल और अस्पताल खुलवाए गए।

भाजपा की तरह हो गया है महागठबंधन

उन्होंने कहा कि हम नीतीश कुमार से बिहार को मुक्त कराना चाहते हैं, लेकिन ऐसा महागठबंधन में रहते हुए नहीं हो पा रहा था। राजद कोई परिवर्तन नहीं कर पा रहा है। महागठबंधन भी भाजपा की तरह हो गया है। बिहार की जनता अब नया विकल्प चाहती है। लोग पुराने 15 साल में नहीं लौटना चाहते। हम बिहार को एक नया और बेहतर विकल्प देना चाहते हैं। कुशवाहा ने अपना नारा भी सार्वजनिक किया। कहा-’अबकी बार शिक्षा वाली सरकार’। कुशवाहा ने कहा कि 30 साल में बिहार रसातल में चला गया है। हमें 5 साल दीजिए, एक बेहतर बिहार बनाएंगे।