जातीय गणना के विरोध में उपेंद्र कुशवाहा का राजभवन मार्च, कुशवाहा बोले-जातीय गणना के आंकड़े फर्जी

जातीय गणना के विरोध में राष्ट्रीय लोक जनता दल ने राजभवन मार्च निकाला। उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में ये मार्च डाकबंगला चौराहे तक पहुंचा तो प्रशासन ने इन्हें सख्ती से रोक दिया। जिसपर आरएलजेडी प्रमुख ने कहा कि सरकार के इशारे पर हमें रोका गया। हमारे आंदोलन को दबाने की कोशिश हो रही है। हमारी आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है, लेकिन ये आवाज दबेगी नहीं।

आरएलजेडी की 15 सदस्यीय टीम को प्रशासन राजभवन लेकर गया

कुशवाहा ने कहा कि मैं और मेरी पार्टी शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन कर रहे थे। गांधी मैदान से राजभवन जाने वाले थे। कई जगह हमें रोका गया। डाकबंगला चौराहे के बाद प्रशासन आगे बढ़ने नहीं दे रहा। हमारा प्रदर्शन गांधीवादी तरीके से था, फिर से इसे दबाया जा रहा है। प्रशासन के रोकने के बाद कुशवाहा के नेतृत्व में आरएलजेडी की 15 सदस्यीय टीम को प्रशासन राजभवन लेकर गया है। इसके साथ ही ये मार्च समाप्त कर दिया गया है।

बिहार में हुए जातीय गणना के आंकड़ें सही नहीं

कुशवाहा ने कहा कि हमलोग जातीय गणना के साथ हैं। हमने तो देश के स्तर पर जातीय गणना कराने की मांग भी केंद्र सरकार से की है। लेकिन बिहार में हुए जातीय गणना के आंकड़ें सही नहीं है। लगता है घर में बैठकर आंकड़े बनाए। आंकड़ा सही नहीं है। ये आंकड़े फर्जी है। मैं मांग करता हूं कि सरकार आंकड़ों को दुरुस्त करने का काम करे।