माला गुप्ता ने राज्य की परंपरागत सुजनी कढाई को न सिर्फ स्वरोजगार से जोड़ा बल्कि उन्होंने अपने साथ तीन सौ महिलाओं को जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया…

भारत लोक-कलाओं का देश है। अगल-अलग राज्यों में अलग-अलग कलाएं हैं। यही भारत की सबसे बड़ी विशेषता है। कला संरक्षण ही स्वरोजगार का माध्यम बन जाए, यह तो सोने पर सुहागा ही कहा जाएगा। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है दानापुर की रहने वाली माला गुप्ता ने।

माला गुप्ता ने नानी-दादी से सीखी राज्य की परंपरागत सुजनी कढाई को न सिर्फ स्वरोजगार से जोड़ा बल्कि उन्होंने अपने साथ तीन सौ महिलाओं को जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। सुजनी कला के प्रति माला का समर्पण देखकर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने 2015 में माला गुप्ता को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया था।

उन्होंने सुजनी कला का प्रशिक्षण उपेन्द्र महारथी संस्थान से भी लिया। माला का चयन राज्य सरकार ने अपने स्टार्टअप प्रोजेक्ट के लिए भी कर लिया है। इसके तहत उन्हें दस लाख रुपये प्रदान किए गए, जिससे उन्होंने राजधानी में अपना एक आउटलेट भी खोल रखा है।
माला का बनाया उत्पाद खादी माल, बिहार संग्रहालय, बिहार इंपोरियम के अलावा देश के विभिन्न कला और हस्तशिल्प के दुकानों पर बिक रहा है। वर्तमान में यह कला पर्दे, डायरी, चादर, तकिया कवर और चित्रकला का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गई है। यही नहीं उनके सुजनी कला से तैयार फोल्डर, झोला और हैंडीक्राफ्ट तो अमेजन जैसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जहां से सुजनी कला से बनी चीजें दुनियाभर में पहुंच रही है। माला गुप्ता ने राज्य के विभिन्न गांव और शहरों में 300 से अधिक महिलाओं को रोजगार दिया है। ये महिलाएं राजधानी के दीघा, दानापुर, मनेर और दरभंगा में संगठन बनाकर कार्य कर रही हैं।