अब कोरोना से लड़ाई को जनआंदोलन बनाना है- बोले केजरीवाल, कहा- एलजी के आदेश का पालन करेगी दिल्ली सरकार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि, उनकी तबीयत खराब थी लेकिन लोगों की दुआओं से मैं ठीक हो गया, आप सबका बहुत धन्यवाद। इसके बाद उन्होंने मंगलवार को हुई राज्य आपदा प्रबंधन की बैठक में जो बातें हुईं उस पर चर्चा की।

दिल्ली में कोरोना बहुत तेजी से फैलेगा

दिल्ली आपदा प्रबंधन की बैठक हुई और इसमें राज्य सरकार ने जो आंकड़े दिखाए वो बताते हैं कि दिल्ली में कोरोना बहुत तेजी से फैलेगा। 15 जून तक 44 हजार केस हो जाएंगे, 30 जून तक एक लाख केस हो जाएंगे, 15 जुलाई तक 2.25 लाख केस होंगे और 31 जुलाई तक 5 लाख 32 हजार केस हो जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि इसे देखते हुए हमें 15 जून तक 6681 बेड की जरूरत होगी, 30 जून तक 15000 बेड और 31 जुलाई तक 80 हजार बेड की जरूरत होगी।

यह चुनौती बहुत बड़ी- केजरीवाल

यह चुनौती बहुत बड़ी है। हमें खुद को और अपनों को कोरोना से बचाना है। इस लड़ाई को जन आंदोलन बनाना है। हमें मास्क पहनना है, बार-बार हाथ धोने हैं। हाथ सैनिटाइज करना है। अब हमें सिर्फ खुद ही नहीं बल्कि कोई नहीं कर रहा है तो उससे भी करवाना है। उसे टोकना है और कोरोना के खतरे के बारे में बताना है।

मिलकर कोरोना की लड़ाई लड़ेंगे

केजरीवाल ने ये भी कहा कि एलजी साहब ने दिल्ली की कैबिनेट के जो फैसले बदले हैं वह जस के तस लागू होंगे। उनके फैसले से कोई असहमति नहीं जताएगा। हम उनका फैसला जैसे का तैसा मानेंगे और मिलकर कोरोना की लड़ाई लड़ेंगे।यह समय बहुत कठिन है और इस समय में हमें एक-दूसरे से नहीं लड़ना है, वरना कोरोना जीत जाएगा। जब तक सारा देश मिलकर नहीं लड़ेगा हम कोरोना से नहीं जीत पाएंगे। हम एकजुट हो गए कोरोना जरूर हारेगा।