पटना नगर निगम के पूर्व आयुक्त अनुपम सुमन ने जल जमाव की खोली पोल, सुनिए क्या-क्या कहा…

बिहार सरकार ने पटना नगर निगम के पूर्व आयुक्त अनुपम सुमन को बीते साल पटना में हुए जलजमाव का जिम्मेदार बताते हुए भारत सरकार को पत्र लिखा है। इधर राज्य सरकार द्वारा लिखे गये पत्र को लेकर पूर्व आयुक्त ने आज पटना में एक प्रेस-वार्ता का आयोजन कर इसपर अपनी सफाई दी है। वहीं उन्होंने पटना नगर निगम को लेकर कई बड़ी बातें की है।

अनुपम सुमन ने क्या कहा ?

अनुपम सुमन ने मीडिया को राज्य सरकार द्वारा लिखे गए पत्र की जानकारी देते हुए कहा कि बिहार सरकार के द्वारा उनपर जो आरोप लगाए गए है वह पूरी तरह से बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि पहली बात तो पटना में जलजमाव के समय मैं नगर आयुक्त के पद पर था ही नहीं। वहीं मैने शुरु में ही कहा था कि पटना में ड्रेनेज सिस्टम है ही नहीं। अगर जमकर बारीश होगी तो यहां जलजमाव होना ही होना है।

नगर निगम पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

अनुपम ने नगर निगम में घोर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पटना में ऐसा नगर आयुक्त चाहिये जो बरसात में रात भर जगे। यहां पंप चलाने के लिए जो डीजल दिया जाता है उसकी चोरी होती है। कर्मचारी डीज़ल की चोरी करते है और पम्प नहीं चलाते हैं।
उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम की कोई हैसियत नहीं है। पटना नगर निगम के लिए जो एक्ट बना है वो सड़ा हुआ है। नगर निगम के पास अपना कोई अधिकार ही नहीं है। आलम यह है कि नगर निगम मे जाने का कोई अधिकारी हिम्मत नहीं करता है। सबको पता है क्या हश्र होगा।