JDU में विलय से पहले RLSP को झटका, RJD में शामिल हुए RLSP के 35 नेता, तेजस्वी बोले-कुशवाहा के सिवा कोई नहीं बचा

जेडीयू में विलय से पहले आरएलएसपी को झटका लगा है. आरएलएसपी के 35 नेताओं ने आज राजद में शामिल हो गए. इसमें 10 जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं। RJD के प्रदेश कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। RJD में शामिल होने वाले नेताओं में RLSP के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा, प्रधान महासचिव निर्मल कुशवाहा, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष मधु मंजरी भी हैं।

संगठन पूरी तरह से खाली

तेजस्वी यादव ने रालोसपा का जेडीयू में विलय होने से पहले ही उसकी सफाई कर डाली है. उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को आज बड़ा झटका देते हुए कई बड़े चेहरों को आरजेडी में शामिल करा लिया गया है. पार्टी के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा ने रालोसपा छोड़कर आरजेडी की सदस्यता ले ली है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि अब RLSP के भीतर उपेंद्र कुशवाहा को छोड़कर कोई नहीं बचा है, संगठन पूरी तरह से खाली हो गया है।

 RLSP का विलय JDU में हो जाएगा

RLSP प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा अपनी पार्टी का विलय JDU में कराने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक 14 मार्च को उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLSP का विलय JDU हो जाएगा। इससे पार्टी के अंदर नेताओं में काफी नाराजगी है। 6 मार्च को भी RLSP के 41 नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। RLSP नेता विनय कुशवाहा ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समुदाय को गुमराह किया है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि पार्टी के 90 फीसदी से भी ज्यादा कार्यकर्ता RLSP और JDU विलय के पक्ष में नहीं हैं।