बिहटा गैंगवार में आया नया मोड़, पुलिस की गोलीबारी में मृतक दो लोगो के शव मिलने का अनुमान……

बिहार की राजधानी पटना के NIT घाट पर गंगा से दो शव मिलने के बाद पूरे पटना में सनसनी फैल गई। जब दोनो शवों को पानी से निकालने के बाद दोनों शवों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि दोनों शव बिहटा में गोलीबारी के शिकार हुए लोगों की हो सकती है। शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के छानबीन में जुट गई है। फिलहाल दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है।

पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी स्थिति….

बताया जा रहा है कि शनिवार को एनआईटी घाट के पास गंगा में दो शवों को देखने के बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। दोनों शवों के सीने पर गोली लगने के निशान मौजूद हैं। दोनों शव घाट पर स्टीमर के लिए बनाए गए तार में फंसे हुए थे। फिलहाल दोनों शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा। पीरबहोर थानाध्यक्ष सबीह उल हक ने बताया कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शव किन लोगों का है।

बिहटा गेंगवार की कहानी…..

बता दें कि बीते 28 सितंबर की देर रात बिहटा के अमनाबाद घाट पर अवैध बालू उठाव को लेकर सिपाही गुट और फौजी गुट के बीच जमकर गोलीबारी हुई थी। इस घटना में पांच लोगों के मारे जाने की बात सामने आई थी। पुलिस के डर से ग्रामीणों ने चार शवों को गायब कर दिया था जबकि एक शख्स की मौत आरा में इलाज के दौरान हो गई थी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि एनआईटी घाट से मिले दो शव उन लोगों के हो सकते हैं जिनकी बिहटा में गोली मारकर हत्या की गई थी।