राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर में लंबे समय से चल रहा था इलाज

राज्यसभा सांसद अमर सिंह का सिंगापुर में निधन हो गया है। बीमारी के चलते सिंगापुर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। एक समय पर उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले अमर सिंह समाजवादी पार्टी के मुखिया रहे मुलायम सिंह यादव के करीबियों में शामिल थे। हाल ही में उन्होंने अमिताभ बच्चन से माफी भी मांगी थी।

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे अमर सिंह का मार्च महीने में एख वीडियो खूब चर्चा में रहा था। जिसमें उन्होंने अपनी मौत की अफवाहों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया था कि वो ठीक हैं और बीमारी से जूझ रहे हैं. उन्होंने अपने पहले के अनुभवों को साझा करते हुए कहा था कि उनकी तबीयत पहले भी बिगड़ी थी लेकिन हर बार वो मौत के मुंह से लड़कर वापस आ गए।

कुछ समय पहले हीं हुआ था किडनी का प्रत्यारोपन

अमर सिंह पिछले कुछ महीनों से सिंगापुर के एक अस्पताल में बीमार थे। अमर सिंह का वहां इलाज हो रहा था। उन्‍होंने कुछ समय पहले ही किडनी प्रत्यारोपण कराया था। इससे पहले शुक्रवार को जानकारी सामने आई थी कि अमर सिंह की तबियत काफी खराब हैं और उनको आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। उनके पास सिंगापुर में पत्‍नी पंकजा और दोनों बेटियां मौजूद थीं।

6 जनवरी 2010 को उन्हें समाजवादी पार्टी के साथ-साथ संसदीय बोर्ड से और इसके प्रवक्ता के बाहर कर दिया गया था। अमर सिंह को उनकी करीबी सहयोगी जया प्रदा के साथ फरवरी, 2010 में समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। 21 दिसंबर 2010 को अमर सिंह ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की।

अमर सिंह ने 2011 में अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय लोक मंच बनाई और 2012 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की 403 सीटों में से 360 पर उम्मीदवार उतारे। हालांकि उनकी पार्टी ने इन चुनावों में एक भी सीट नहीं जीती। वह मार्च 2014 में राष्ट्रीय लोक दल पार्टी में शामिल हो गए, 2014 के आम चुनाव में फतेहपुर सीकरी, उत्तर प्रदेश से आम चुनाव लड़े और हार गए।