माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़, 12 की मौत, 26 से अधिक घायल; रेस्क्यू आपरेशन जारी

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर से बड़े हादसे की ख़बर है। माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मच गई है। ये सभी श्रद्धालु नए साल के दर्शन के लिए आए थे।

बचाव कार्य जारी है। कटरा के सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक मेडिकल अफसर डॉ. गोपाल दत्त ने बताया कि इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। हताहतों की सही संख्या अभी पता नहीं है। उनका पोस्टपॉर्टम किया जाएगा। 

डॉ. गोपाल ने बताया कि घायलों को नारायण अस्पताल ले जाया जा रहा है। उनका उपचार चल रहा है। हताहतों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लोग शामिल हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।

प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि मारे गए श्रद्धालुओं के परिजनों को 2 लाख रुपए दिए जाएंगे। हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

खबर है कि 26 से अधिक लोग घायल हुए हैं वहीं जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई है और 13 घायल हैं। घटना लगभग 2:45 बजे हुई, और प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार किसी बाक पर कहासुनी के बाद भगदड़ मच गई जिसके परिणामस्वरूप लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया। इस हादसे के बाद यात्रा को रोक दिया गया है। घटना के बाद कई श्रद्धालओं ने घर वापसी की राह पकड़ ली है। 

नए साल पर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए देश भर से श्रद्धालु पहुंचे हैं। देर रात 12 बजते ही श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाने शुरू कर दिए थे। इसके साथ ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। 

पांच वर्षों से 31 दिसंबर को भवन में माता के दर्शन करने वालों भक्तों की संख्या 50 हजार का आंकड़ा छूती रही है। हालांकि, इस बार भक्तों की संख्या सीमित रखी गई। जिस कारण कई भक्तों को शनिवार का इंतजार करना होगा। 

माता के दरबार पहुंचे 56 लाख श्रद्धालु

वर्ष 2021 में कोरोना के प्रकोप के बीच भी माता के दर्शनों को आने वाले भक्तों का हौसला बुलंद रहा। कोरोना नियमों का पालन करते हुए वर्ष 2021 में 56 लाख भक्तों ने माता वैष्णो देवी की प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष नमन किया। इससे पहले वर्ष 2020 में 17 लाख भक्तों ने ही माता के दर्शन पाए। वर्ष 2021 में माहवार आंकड़ों के हिसाब से जनवरी में 408061 भक्तों ने माता के दर्शन किए।

कोरोना काल से पहले वर्ष 2017 में लगभग 82 लाख भक्तों ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। जबकि, वर्ष 2018 में 8586541 और वर्ष 2019 में 7940064 यात्री माता के दर्शन करने पहुंचे थे। गौरतलब है कि वर्ष 2011 और वर्ष 2012 में भक्तों की संख्या एक करोड़ का भी आंकड़ा पार कर चुकी है।